व्यापार

अक्षय तृतीया पर ज्वेलरी की मांग में हो सकती है 10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी

jantaserishta.com
28 April 2025 4:19 PM IST
अक्षय तृतीया पर ज्वेलरी की मांग में हो सकती है 10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी
x
नई दिल्ली: सोना खरीदने के लिए अक्षय तृतीया के पर्व को काफी शुभ माना जाता है। इस साल यह उत्सव 30 अप्रैल को पड़ रहा है। सोने की कीमतें ऑल-टाइम हाई पर होने के बावजूद जानकार मान रहे है कि इस सीजन पर ज्वेलरी की मांग में 10-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व होता है और माना जाता है कि इस दिन सोना खरीदने से घर में समृद्धि भी बढ़ती है। कामा ज्वेलरी के एमडी, कॉलिन शाह ने कहा कि सांस्कृतिक महत्व के कारण अक्षय तृतीया के अवसर पर भारतीय उपभोक्ताओं के बीच सोने की खरीदारी चरम पर होती है। इस सीजन में खरीदारों के बीच मजबूत सेंटीमेंट के कारण ज्वेलरी की बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
वैश्विक अस्थिरता के कारण सोने की कीमतें लगातार उच्च स्तर पर बनी हुई हैं। सोमवार को इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 95,420 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव 91,300 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने का रेट 77,290 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
शाह ने आगे कहा कि मौजूदा समय में युवा उपभोक्ता दैनिक उपयोग में आने वाली ज्वेलरी को अधिक पसंद कर रहे हैं और ऐसी ज्वेलरी का ट्रेंड बाजार में बढ़ रहा है। 22 अप्रैल को सोने की कीमत बढ़कर पहली बार 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट के बाद घरेलू स्तर पर भी दाम में कमजोरी देखी गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उथल-पुथल के कारण 2025 में सोने की कीमतें 19,258 रुपये या 25 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं। एक जनवरी को 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 76,162 रुपये थी, जो अब बढ़कर 95,420 रुपये हो गई है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story