व्यापार

Gold -चांदी की चमक फीकी, कीमतों में भारी गिरावट

Ratna Netam
11 July 2026 2:29 PM IST
Gold -चांदी की चमक फीकी, कीमतों में भारी गिरावट
x

New Delhi नई दिल्ली : वैश्विक बाजार में तेजी से बदल रही परिस्थितियों का असर अब सोने और चांदी की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। निवेशकों की बदलती रणनीति और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस सप्ताह कीमती धातुओं में गिरावट देखने को मिली है। स्पॉट गोल्ड की कीमतों में जहां करीब 1.5 प्रतिशत की कमी आई है, वहीं चांदी के दाम लगभग 4 प्रतिशत तक नीचे आ गए हैं।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ाई है। इसके साथ ही अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर संभावनाएं फिर से मजबूत हुई हैं। निवेशक अब आने वाले महंगाई आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं। ब्याज दरों में संभावित बदलाव की आशंका के कारण सोने और चांदी जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों पर दबाव देखने को मिला है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को सोने का भाव गिरकर 1,43,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, चांदी की कीमत भी फिसलकर 2.23 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गई।

बुलियन बाजार में भी कीमतों में गिरावट

इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 जुलाई को 24 कैरेट सोने का भाव 1,43,815 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं, 23 कैरेट सोने की कीमत 1,43,239 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। 22 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,31,735 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया।

इसके अलावा 18 कैरेट सोने की कीमत 1,07,861 रुपये प्रति 10 ग्राम और 14 कैरेट सोने का भाव 84,132 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। चांदी की बात करें तो शुक्रवार को इसका भाव 2,22,014 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।

एक सप्ताह में सोने और चांदी में बड़ी गिरावट

सोने की कीमतों में इस सप्ताह करीब 1,697 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। 6 जुलाई को 24 कैरेट सोने का भाव 1,45,512 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर 1,43,815 रुपये रह गया है।

वहीं, चांदी में गिरावट और ज्यादा रही। सोमवार को चांदी का भाव 2,31,812 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो शुक्रवार तक गिरकर 2,22,014 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। यानी एक सप्ताह में चांदी करीब 9,798 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है।

बाजार में जारी इन कीमतों में 3 प्रतिशत जीएसटी और ज्वेलरी पर लगने वाला मेकिंग चार्ज शामिल नहीं है। ग्राहकों को वास्तविक खरीदारी के समय इन अतिरिक्त शुल्कों का भुगतान करना पड़ सकता है।

अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर बाजार की नजर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में अब सभी की निगाहें अमेरिका के आने वाले महंगाई आंकड़ों पर टिकी हुई हैं। ये आंकड़े अगले सप्ताह जारी होने वाले हैं। निवेशक उम्मीद कर रहे हैं कि इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीतियों को लेकर संकेत मिलेंगे।

गौरतलब है कि जून में हुई फेड रिजर्व की बैठक में बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताई गई थी। बैठक में कुछ अधिकारियों ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना का समर्थन किया था, जबकि कुछ सदस्यों ने दरों में बदलाव नहीं करने की राय रखी थी।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा अमेरिका की मौद्रिक नीति, डॉलर की मजबूती और वैश्विक तनावों पर निर्भर करेगी। अगर ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख अपनाया जाता है तो कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ सकता है, जबकि अनिश्चितता बढ़ने पर इनमें फिर तेजी देखने को मिल सकती है।

Next Story