
Business बिजनेस : मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस समूह के अंतर्गत आने वाली सर्च इंजन कंपनी जस्ट डायल लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4.12 प्रतिशत बढ़ा है। बेहतर नतीजों के बीच शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली और शेयर 3.42 प्रतिशत बढ़कर 564.60 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इंट्रा-डे कारोबार में शेयर 571.95 रुपये तक पहुंच गया था।
कंपनी के मुताबिक, जून तिमाही में जस्ट डायल का नेट प्रॉफिट बढ़कर 166.22 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 159.65 करोड़ रुपये था। वहीं, ऑपरेशन से मिलने वाला राजस्व भी बढ़कर 327.47 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 297.86 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी के रेवेन्यू में करीब 9.94 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।
वहीं, कंपनी का एबिटा (EBITDA) जून तिमाही में 87.40 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 86.44 करोड़ रुपये था। हालांकि, एबिटा मार्जिन में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। यह पिछले साल के 29.02 प्रतिशत से घटकर 26.69 प्रतिशत रह गया।
जस्ट डायल में होगा बड़ा मैनेजमेंट बदलाव
कंपनी ने अपने नेतृत्व में बदलाव का भी ऐलान किया है। जस्ट डायल ने रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी कि उसने फ्लिपकार्ट के पूर्व एग्जीक्यूटिव दिनकर अयिलावरपु को कंपनी का नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO)-डेजिग्नेट और की मैनेजेरियल पर्सनल नियुक्त किया है।
दिनकर अयिलावरपु 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक रूप से अपना पद संभालेंगे। वह जस्ट डायल के संस्थापक वीएसएस मणि की जगह लेंगे। वीएसएस मणि का कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO के रूप में कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है।
कंपनी का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ जस्ट डायल अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्थानीय सर्च बिजनेस और तकनीकी विस्तार को आगे बढ़ाने में सक्षम होगी। जस्ट डायल देश की प्रमुख लोकल सर्च कंपनियों में शामिल है और लाखों कारोबारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है।
शेयर बाजार में कंपनी के बेहतर तिमाही प्रदर्शन और नेतृत्व बदलाव को निवेशकों ने सकारात्मक रूप से लिया है। यही वजह रही कि शुक्रवार के कारोबार में कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली।





