व्यापार

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा - 'भारत की आर्थिक और निवेश पहल से मजबूत होगा श्रीलंका'

Apurva Srivastav
7 Feb 2022 4:47 PM GMT
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा - भारत की आर्थिक और निवेश पहल से मजबूत होगा श्रीलंका
x
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की आर्थिक और निवेश पहल से श्रीलंका को मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्री ने भारत दौरे पर पहुंचे अपने श्रीलंकाई समकक्ष जीएल पेइरिस के साथ सोमवार को वार्ता की।

नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की आर्थिक और निवेश पहल से श्रीलंका को मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्री ने भारत दौरे पर पहुंचे अपने श्रीलंकाई समकक्ष जीएल पेइरिस के साथ सोमवार को वार्ता की। दोनों नेताओं के बीच कोलंबो की ऊर्जा सुरक्षा, द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश मजबूत करने और लगातार जारी मछुआरों के मुद्दे पर सकारात्मक बातचीत हुई। दोनों देशों के बीच रिश्ते में मछुआरों का मुद्दा लंबे समय से बना हुआ है। तीन दिनों की यात्रा पर पेइरिस रविवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। कुछ दिन पहले भारत ने श्रीलंका को पेट्रोलियम पदार्थ की खरीद में मदद के लिए 50 करोड़ डालर (37,353 लाख रुपये से अधिक) का क्रेडिट लाइन उपलब्ध कराया।

श्रीलंका विदेशी मुद्रा के अभाव और ऊर्जा संकट का सामना कर रहा था। जयशंकर ने ट्वीट किया, 'श्रीलंका के विदेश मंत्री जीएल पेइरिस के साथ सकारात्मक बातचीत हुई। आर्थिक और निवेश पहलों पर चर्चा हुई। श्रीलंका को इससे मजबूती मिलेगी। श्रीलंका की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त कदमों पर भी ध्यान दिया गया।'
मछुआरों के मुद्दे का उल्लेख करते हुए जयशंकर ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी कि द्विपक्षीय तंत्र की जल्द से जल्द बैठक होनी चाहिए। इसके अलावा व्यापक संपर्क के माध्यम से लोगों से लोगों के बीच संबंध के महत्व का भी उल्लेख किया गया। आर्थिक सुधार के लिए पर्यटन के विकास पर जोर दिया गया।
Next Story