Central government दे सकती है खुशखबरी, अक्टूबर की सैलरी में बढ़ सकता है महंगाई भत्ता

New Delhi नई दिल्ली : देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। केंद्र सरकार जल्द ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। माना जा रहा है कि जुलाई से दिसंबर 2026 की अवधि के लिए महंगाई भत्ते में करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी संभव है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में अच्छा खासा बदलाव देखने को मिल सकता है।मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। प्रस्तावित 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो सकता है। हालांकि, अंतिम फैसला अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर लिया जाएगा।
अक्टूबर या नवंबर की सैलरी में मिल सकता है फायदा
अब तक के ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान नवरात्रि के आसपास कर सकती है। इस साल नवरात्रि अक्टूबर महीने में पड़ रही है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कर्मचारियों को अक्टूबर के अंत में मिलने वाली सैलरी में बढ़े हुए DA का लाभ मिल सकता है।अगर सरकार अक्टूबर में घोषणा करती है तो कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने का एरियर भी मिल सकता है। इससे कर्मचारियों को एक साथ अतिरिक्त राशि मिलने की उम्मीद है।
AICPI-IW आंकड़ों पर टिकी नजर
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का निर्धारण AICPI-IW यानी औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर किया जाता है। महंगाई के स्तर को देखते हुए कर्मचारियों को राहत देने के लिए सरकार समय-समय पर DA में संशोधन करती है।Bankbazaar के सीईओ अधिल शेट्टी के अनुसार, मौजूदा AICPI-IW ट्रेंड के आधार पर 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी सबसे संभावित अनुमान दिखाई दे रही है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला जून 2026 के आंकड़ों के आने के बाद ही तय होगा।
जून के आंकड़ों का इंतजार
महंगाई भत्ते में अंतिम बढ़ोतरी तय करने के लिए जून 2026 के AICPI-IW आंकड़े महत्वपूर्ण होंगे। उम्मीद है कि सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) जून महीने के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक और महंगाई से जुड़े आंकड़े जल्द जारी करेगा।इन आंकड़ों के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि महंगाई भत्ते में वास्तव में कितनी बढ़ोतरी होगी। अगर अनुमान के मुताबिक 3 प्रतिशत की वृद्धि होती है तो केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई से राहत मिलेगी और उनकी मासिक आय में भी इजाफा होगा।फिलहाल केंद्रीय कर्मचारी सरकार के आधिकारिक ऐलान का इंतजार कर रहे हैं। अगर DA में बढ़ोतरी होती है तो इसका लाभ कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनभोगियों को भी मिलने की संभावना है।





