Breaking News

गंगा तट पर दीपों का चंद्रहार, लाखों दीयों से देवलोक जैसी दमकी काशी

admin
27 Nov 2023 4:49 PM GMT
गंगा तट पर दीपों का चंद्रहार, लाखों दीयों से देवलोक जैसी दमकी काशी
x

वाराणसी। देव दीपावली के अवसर पर अर्धचंद्राकार गंगा तट ने दीपों का चंद्रहार पहना तो कार्तिक पूर्णिमा की चांदनी भी फीकी पड़ गई। 21 लाख दीपों की रोशनी से देवाधिदेव महादेव की काशी देवलोक सी दमक उठी। इस अद्भुत, अलौकिक, अनुपम छटा को निहारने के लिए लाखों की तादाद में लोग घाटों पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही 70 देशों के राजदूत, 150 डेलीगेट्स और उनके परिवारीजन इसके साक्षी बने।

देश की धार्मिक,आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी काशी में सोमवार की शाम गोधूलि बेला में उत्तरवाहिनी जाह्नवी के तट पर लाखों दीप जलाए गए। इस अद्भुत छटा को देखकर ऐसा लग रहा था मानों तारे जमीन पर उतर आए हों। पूरी काशी रोशनी से नहा उठी। सभी घाटों पर शंखनाद, भव्य महाआरती और घंट-घड़ियालों की ध्वनि से काशी की धरती पर देवताओं का स्वागत हुआ। काशी के चेत सिंह घाट पर लेजर शो और गंगा पार क्रैकर्स शो का अद्भुत नजारा दिखा।

#WATCH | Varanasi: UP CM Yogi Adityanath says, “…’Dev Deepawali’ is part of this place’s legacy for past 100 years but because of PM Modi, ‘Dev Deepawali’ has become a spiritual event not just of Kashi or India but of the world” pic.twitter.com/jg7v8JNDvI

— ANI (@ANI) November 27, 2023


गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर ही 12 लाख से अधिक दीप जलाए गए। इनमे एक लाख दीप गाय के गोबर से बने थे। बनारस के अन्य कुंडों, सरोवरों, गंगा-गोमती तट पर स्थित मार्कण्डेय महादेव, वरुणा नदी के शास्त्री घाट आदि स्थानों को लाखों दीयों से जगमग किया गया। देव दीपावली पर सरकार की ओर से 12 लाख दीपक जलाए गए। वहीं स्वयंसेवी संस्था और जन सहभागिता से कुल 21 लाख से अधिक दीपों से काशी रोशन हुई।

काशी की देव दीपावली के इस अद्भुत पल के साक्षी बनने के लिए 70 देशों के राजदूत व 150 से अधिक विदेशी डेलीगेट्स काशी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुआई में राजनायिकों ने इस अलौकिक, अद्भुत और अविस्मरणीय क्षण को अपनी आंखों के सामने देख खुद को गौरवान्वित महसूस किया। योगी सरकार इस वर्ष से देव दीपावली को प्रांतीय मेले का दर्जा दे चुकी है। इससे देव दीपावली की आभा पूरी दुनिया में फ़ैल रही है। देव दीपावली पर घाटों और शहर में प्रशासन व स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से जलाए गए 21 लाख दीयों ने छटा बिखेरी। वहीं चेत सिंह घाट पर साउंड एंड लाइट शो विद प्रोजेक्शन शो के माध्यम से पौराणिक काशी और भगवान शिव के चित्रात्मक जानकारी सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

#WATCH | ‘Dev Deepawali’ is being celebrated in Varanasi, Uttar Pradesh today on the occasion of Kartik Purnima. pic.twitter.com/gyQ1rP0e9v

— ANI (@ANI) November 27, 2023

देव दीपावली पर काशी के सभी मंदिरों, घाटों पर फसाड लाइट, सड़क के विद्युत खंभों को भी आकर्षक तिरंगे स्पाइरल झालरों से सजाया गया। काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार रेत पर ग्रीन आतिशबाजी का भी लोगों ने जमकर आनंद लिया। इसके अलावा शहर के छह प्रमुख स्थानों पर घाटों पर महाआरती का सजीव प्रसारण किया गया। देव दीपावली के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को 11 क्विंटल फूलों से सजाया गया। वहीं शाम के वक्त विश्वनाथ कारिडोर के गंगा द्वार पर लेजर शो का आयोजन किया गया। इसके जरिये श्री काशी विश्वनाथ धाम पर आधारित काशी का महत्व और कॉरिडोर के निर्माण संबंधी जानकारी दिखाई गई।

#WATCH | Fireworks at the ghats of Varanasi, Uttar Pradesh light up the sky, on the occasion of ‘Dev Deepawali’.

Dev Deepawali is being celebrated in Varanasi today on the occasion of Kartik Purnima. pic.twitter.com/z4EYyGc0vB

— ANI (@ANI) November 27, 2023

देव दीपावली पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद रहा। घाटों को 8 जोन, 11 सेक्टर और 32 सब सेक्टर में बांटकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। घाटों, नदियों और सड़क पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, इमरजेंसी प्रबंधन, क्यूआरटी, इंट्री एंड एग्जिट को लेकर पूरी तैयारी का खाका पहले से ही तैयार किया गया। पुलिस के साथ ही एनडीआरएफ और जल पुलिस के जवान बोट, अत्याधुनिक उपकरणों और चिकित्सकों की टीम के साथ वाटर एम्बुलेंस लेकर तैनात रहे। देव दीपावली कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र दयालु, रवींद्र जायसवाल समेत अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।

Next Story