- Home
- /
- Breaking News
- /
- इजरायल का दावा, मारा...
Breaking News
इजरायल का दावा, मारा गया ईरान का टॉप कमांडर अली शादमानी
jantaserishta.com
17 Jun 2025 4:08 PM IST

x
तेल अवीव: इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने मंगलवार को दावा किया कि उसने ईरान के युद्धकालीन चीफ ऑफ स्टाफ अली शादमानी को मार गिराया है। शादमानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी थे।
'आईडीएफ' ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "इंटेलिजेंस ब्रांच की सटीक खुफिया जानकारी और रात के दौरान अचानक मिले मौके के बाद, एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने तेहरान के मध्य में एक हेडक्वार्टर पर हमला किया। इस हमले में युद्धकालीन चीफ ऑफ स्टाफ अली शादमानी को मार गिराया गया, जो ईरानी नेता अली खामेनेई के सबसे करीबी और सबसे वरिष्ठ सैन्य कमांडर थे।"
हाल के हफ्तों में यह दूसरी बार है, जब इजरायल ने ईरान के सैन्य नेतृत्व को बाधित करने के मकसद से शासन के एक हाई-रैंकिंग मिलिट्री कमांडर को निशाना बनाया और उसे मार डाला। इजरायली सेना के अनुसार, शादमानी ने चीफ ऑफ वॉर स्टाफ और आर्म्ड फोर्सेस इमरजेंसी कमांड के कमांडर के रूप में कार्य किया। उन्होंने रिवोल्यूशनरी गार्ड और ईरानी सेना की कमान संभाली। शादमानी ने हातेम अल-अनीबा आपातकालीन कमान के उप कमांडर और सशस्त्र बल जनरल स्टाफ के संचालन विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य किया था। उनकी हत्या से ईरानी सशस्त्र बलों को बड़ा झटका लगा है।
आईडीएफ ने दावा किया है कि मारे गए ईरानी अधिकारी के नेतृत्व में काम कर रहा 'खातेम अल-अनबिया' इमरजेंसी कमांड और हमलों को लेकर बनाई योजनाओं को मंजूरी देने के लिए जिम्मेदार था। आईडीएफ ने कहा कि अपने विभिन्न सैन्य दायित्वों में अली शादमानी ने प्रत्यक्ष रूप से इजरायल को नुकसान पहुंचाने की ईरानी योजनाओं को प्रभावित किया है।
शादमानी ने इससे पहले जनरल गुलाम अली राशिद की जगह ली थी, जो शुक्रवार को इजरायल के ईरान के खिलाफ शुरू किए गए 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' में मारे गए थे। यह ऑपरेशन ईरान के परमाणु हथियारों के खतरे को खत्म कर इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया था।
ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने कुछ दिनों पहले 'एक्स' पर लिखा था, "लेफ्टिनेंट जनरल गुलाम अली राशिद की शहादत का घिनौना काम यहूदी सत्ता ने किया है। उसे ध्यान में रखते हुए और अली शादमानी की सेवाओं और अनुभव को देखते हुए, मैं उन्हें मेजर जनरल की रैंक प्रदान करता हूं और 'खातम अल-अनबिया' सेंट्रल हेडक्वार्टर्स का कमांडर नियुक्त करता हूं।"
इससे पहले इजरायल ने ईरानी शासन के कई मिसाइल लॉन्चर्स को नष्ट करने का दावा किया था। आईडीएफ ने 'एक्स' पर बताया, "ईरानी शासन की सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों को रखने और लॉन्च करने के लिए बनाए गए दर्जनों इन्फ्रास्ट्रक्चर नष्ट कर दिए गए हैं। बीती रात वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने पश्चिमी ईरान में ईरानी शासन के दर्जनों सैन्य ठिकानों पर कई दौर में हमले किए। इन हमलों में मिसाइल भंडारण स्थल, यूएवी स्टोरेज साइट्स और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल लॉन्चर ठिकानों को निशाना बनाया गया।"
इजरायल-ईरान संघर्ष पांचवें दिन में प्रवेश कर चुका है। दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। ईरान की ओर से इजरायल पर कई मिसाइलें दागी गई हैं, जिससे हइफा और उत्तरी इजरायल के दर्जनों शहरों और कब्जे वाले गोलान हाइट्स में एयर रेड साइरन बजने लगे हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





