Breaking News

बिपरजॉय को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षित जगहों पर भेजे गए हजारों लोग

jantaserishta.com
14 Jun 2023 3:35 PM IST
बिपरजॉय को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षित जगहों पर भेजे गए हजारों लोग
x

DEMO PIC 

इस्लामाबाद: बेहद खतरनाक बनते जा रहे चक्रवात बिपरजॉय को लेकर पाकिस्तान में भी हाई-अलर्ट है। भारत के साथ ही पाकिस्तान के सिंध प्रांत में भी 14 जून को बिपरजॉय चक्रवात के लैंडफॉल का अनुमान जताया गया है। इसको देखते हुए सिंध प्रांत के हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
सिंध प्रांत के विभिन्न इलाकों के अलावा थट्टा, सुजावल और बादिन से भी हजारों लोग पहले ही चक्रवात के कहर से बचने के लिए अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए हैं। इसी बीच संवेदनशील इलाकों को धूल भरी आंधी, हल्की से भारी बारिश ने अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। जिसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, श्रेणी-3 के चक्रवात के गुरुवार शाम कराची (पाकिस्तान) और मांडवी (भारत) में लैंडफॉल का अनुमान जताया गया है। ये भी बताया गया है कि इस दौरान 140 से 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जो 170 किमी प्रतिघंटे की गति तक जा सकती है। बिपरजॉय चक्रवात के बुधवार को उत्तर की दिशा में बढ़ने के बाद पूर्व की तरफ दिशा बदलने का अनुमान है। अधिकारियों के मुताबिक बिपरजॉय का लैंडफॉल थट्टा के केटी बांदर और भारत के गुजरात के तटीय इलाकों में हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक चक्रवात से थट्टा, बादिन, सुजावल, कराची, मीरपुरखास, उमरकोट, हैदराबाद, ओरमारा, टंडो अल्लाहयार और टंडो मोहम्मद खान जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। अधिकारियों ने पाकिस्तानी सेना, रेंजर्स, जिला प्रशासन की तटीय इलाकों में तैनाती शुरू कर दी है। जिन्होंने सिंध के समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों के सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास की कार्रवाई तेज कर दी है।
जलवायु परिवर्तन मंत्री शेरी रहमान का कहना है कि स्कूल और दूसरे सरकारी इमारतों में रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। कुछ तटीय इलाकों से छोटी-बड़ी नावों को हटाया गया है। अस्पतालों को हाई-अलर्ट पर रखा गया है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग (एनडीएमए) ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ताजा हालात से जुड़ी जानकारियां दी है। एनडीएमए ने कहा है कि बुधवार की सुबह तक करीब एक लाख लोगों को प्रभावित होने वाले संभावित इलाकों से सुरक्षित निकाला गया है। मंगलवार की रात तक थट्टा, सुजावल, बादिन जिले के 56,985 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
सिध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह का कहना है कि सिंध प्रांत के तीन जिले में 37 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। जिसमें केटी बांदर में सात, घोबदारी में तीन, शहीद फजली राहू में 10, बादिन में तीन, शाहबांदर में दस और जटी में चार रिलीफ कैंप हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story