Breaking News

सेहत मुलाजिमों का कारनामा, सरकार को लगाया 35 लाख का चूना

admin
15 Nov 2023 6:04 PM GMT
सेहत मुलाजिमों का कारनामा, सरकार को लगाया 35 लाख का चूना
x

तरनतारन। कम्युनिटी हैल्थ सैंटर मियाविंड में तैनात 2 कर्मियों द्वारा अपने साथियों के जाली एरियर बनाते हुए सरकार के साथ 35 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है। थाना वैरोवाल की पुलिस ने केस दर्ज करते हुए अगली कार्रवाई में विस्तार कर दिया है। गौरतलब है कि सीनियर सहायक व दर्जा-4 कर्मी सरकारी नौकरी से सेवा मुक्त हो चुके हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार कम्युनिटी हैल्थ सैंटर मियाविंड में बतौर सीनियर सहायक तैनात रविंदरपाल सिंह बीते दिसम्बर माह में सेवा मुक्त हो चुका है। दर्जा-4 कर्मी बलकार सिंह भी कई साल पहले अपनी नौकरी से सेवा मुक्त हो चुका है। इनके द्वारा अपने कार्य काल के समय 21 दिसम्बर 2020 से 5 मई 2023 तक मियाविंड में विभिन्न पदों पर तैनात 9 सरकारी कर्मियों के फर्जी एरियर बिल तैयार करते हुए स्वास्थ्य विभाग के डायरैक्टर को भेजे गए थे। इसके बाद सरकार द्वारा बनती राशि जारी की जाती रही।

उक्त दोनों कर्मियों द्वारा सरकारी राशि को ट्रांसफर करवाने के लिए संबंधित कर्मियों के खाते खजाना अधिकारी को देने की बजाय अपने निजी खाते दिए जाते रहे। आए दिन फर्जी एरियर संबंधित मोटी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवाने का सिलसिला लगातार जारी रहा। इस धोखाधड़ी का तब पता चला। जब किसी गुमनाम व्यक्ति द्वारा स्वास्थ्य विभाग के डायरैक्टर को पत्र लिखते हुए मामले की जांच के लिए मांग की गई।

स्वास्थ्य विभाग के डायरैक्टर के अलावा फाइनैंस सैक्ट्री व सिविल सर्जन तरनतारन सहित अन्य मैंबरों की विशेष टीम द्वारा शुरू की गई जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सीनियर सहायक रविंदरपाल सिंह व दर्जा-4 कर्मी बलकार सिंह द्वारा स्वास्थ्य विभाग को गुमराह करते हुए अपने-अपने खाते में लाखों रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए। रविंदरपाल सिंह के खाते में 18 लाख 77 हजार 692 रुपए व बलकार सिंह के खाते में 16 लाख 46 हजार 374 रुपए आए हैं। इसकी कुल राशि 35 लाख 24 हजार 66 रुपए बनती है। इस मामले की डी.एस.पी. गोइंदवाल साहिब द्वारा जांच करने के बाद एस.एस.पी. के आदेशों पर थाना वैरोवाल की पुलिस ने रविंदरपाल सिंह व बलकार सिंह के खिलाफ घोटाले को लेकर केस दर्ज कर लिया है।

Next Story