चीन के एक पार्क से सामने आए वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को गुस्से से भर दिया है। वीडियो में कुछ लोग एक बड़े कछुए के साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। इसमें एक महिला बच्चे को गोद में लेकर कछुए की पीठ पर खड़ी नजर आ रही है, जबकि आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे लात भी मारी।
यह घटना चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के फोशान स्थित चांगलू टूरिज्म एंड लीजर पार्क की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में महिला कछुए की पीठ पर चढ़ी हुई दिखती है और आसपास मौजूद लोग इस घटना को रिकॉर्ड करते नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इस व्यवहार की आलोचना की। लोगों ने इसे पशु क्रूरता बताते हुए कहा कि मनोरंजन के नाम पर किसी जीव को परेशान करना गलत है। कई लोगों ने पार्क प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पार्क में लगा था चेतावनी बोर्ड
रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्क में आगंतुकों के लिए चेतावनी दी गई थी कि कछुओं पर चढ़ना या बैठना मना है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने नियमों की अनदेखी की।
पशु चिकित्सक ने की जांच
विवाद बढ़ने के बाद पार्क प्रशासन ने संबंधित कछुए की पशु चिकित्सक से जांच कराई। जांच में कछुए की हालत सामान्य बताई गई। पार्क ने यह भी कहा कि वह घटना की जांच करेगा और सुरक्षा व्यवस्था में किसी कमी की समीक्षा की जाएगी।
विशेषज्ञों ने बताया खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार कछुए का खोल सिर्फ बाहरी सुरक्षा कवच नहीं होता, बल्कि यह उसकी रीढ़ और शरीर के अंदरूनी हिस्सों से जुड़ा होता है। उस पर वजन डालने से चोट लग सकती है और जानवर को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि पर्यटक स्थलों पर जानवरों के साथ व्यवहार को लेकर लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी कितनी जरूरी है।
Tags: