Unicef का दावा- साल 2021 के पहले दिन पैदा होंगे दुनिया में 3.7 लाख बच्चे, जानें किस देश में कितने बच्चों के जन्म का अनुमान

नए साल के दिन दुनियाभर में अनुमानित 3,71,504 बच्चों का जन्म होगा।

Update: 2021-01-01 12:31 GMT

 जनता से रिश्ता वेबडेस्क। नए साल के दिन दुनियाभर में अनुमानित 3,71,504 बच्चों का जन्म होगा। इनमें से भारत में लगभग 60 हजार बच्चों के जन्म का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। साल 2021 में कुल अनुमानित 140 मिलियन (14 करोड़) बच्चे पैदा होंगे। उनकी औसत जीवन प्रत्याशा 84 वर्ष होने की उम्मीद है। प्रशांत क्षेत्र में स्थित फिजी में पहला और अमेरिका में साल 2021 का आखिरी बच्चे का जन्म होगा। यूनिसेफ के अनुसार नए साल के पहले दिन दुनियाभर के आधे से अधिक बच्चों का जन्म 10 देशों में होने का अनुमान है।



इन 10 देशों में भारत (59,995), चीन (35,615), नाइजीरिया (21,439), पाकिस्तान (14,161), इंडोनेशिया (12,336), इथियोपिया ( 12,006), अमेरिका (10,312), मिस्र (9,455), बांग्लादेश (9,236) और रिपब्लिक ऑफ द कांगो (8,640) शामिल है। यूनिसेफ के कार्यकारी निदेशक हेनरीटा फोर ने एक बयान में कहा कि आज जन्म लेने वाले बच्चे एक साल पहले की तुलना में बहुत अलग दुनिया में प्रवेश करेंगे। नया साल दुनिया को पुनः स्थापित करने का एक नया अवसर लेकर आता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज पैदा हुए बच्चे को विरासत में वो दुनिया मिलेगी, जिसका हमने उनके लिए निर्माण किया है। आइए हम 2021 में बच्चों के लिए एक न्यायपूर्ण, सुरक्षित, स्वस्थ दुनिया का निर्माण करना शुरू करें।


भारत में पैदा होने वाले बच्चों की जीवन प्रत्याशा 80.9 वर्ष होगी- यूनिसेफ

यूनिसेफ के अनुसार भारत में, शुक्रवार को पैदा होने वाले बच्चों की जीवन प्रत्याशा 80.9 वर्ष होगी। इंडिया न्यूबर्न एक्शन प्लान 2014-2020 की मदद से हर दिन एक अतिरिक्त हजार बच्चे जीवित रहते हैं। यूनिसेफ में भारत के प्रतिनिधि यश्मीन अली हक ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण न केवल एक संकट की स्थिति में, बल्कि हर समय लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था और नीतियों की आवश्यकता के बारे में हमें पता चला है। इस साल संगठन के 75 साल पूरे हो जाएंगे।


Tags:    

Similar News

-->