कुत्तों ने खा लिया जीती हुई लॉटरी का टिकट, कपल के उड़े होश, बाद में ऐसे मिला इनाम
इसे मान्यता देते हुए कपल को इनामी राशि दे दी. बताया गया कि कपल को इस टिकट से 8 डॉलर की लॉटरी निकली थी.
कहते हैं कि आदमी बेशक कुछ भी कर ले, लेकिन उसे समय से पहले और भाग्य से ज्यादा नहीं मिलता. अमेरिका के ऑरेगोन में रहने वाले एक कपल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. दरअसल, इस कपल ने एक लॉटरी का टिकट खरीदा था. इस टिकट पर इन्होंने लॉटरी भी जीती, लेकिन सुबह होते-होते उनके पालतू कुत्तों ने लॉटरी के टिकट को चबाकर फाड़ दिया. टिकट डैमेज होने से उन्हें जीता हुआ इनाम नहीं मिला. हालांकि काफी जद्दोजहद और कुछ दिनों के बाद जाकर उन्हें इनकी इनामी राशि कंपनी ने दे दी है. खुद कपल को भी भरोसा नहीं हो रहा कि उन्हें जीता हुआ पैसा मिल गया है.
खाना समझकर निकाल लिया टिकट
मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के ऑरेगोन में रहने वाले नाथन और रेचल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसमें इन्होंने अपने साथ हुई घटना का जिक्र किया. कपल ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले एक लॉटरी का टिकट खरीदा था. जिस दिन का वह टिकट था, उस दिन उसे स्क्रैच किया तो पता चला कि लॉटरी लग गई है. अगले दिन पैसा लाने की प्लानिंग करके उन्होंने उस रात टिकट को रख दिया औऱ सोने चले गए. इस दौरान उनके पालतू कुत्तों दो साल के अलास्कन डॉग जैक और 11 महीने के एप्पल ने वह टिकट खाना समझकर निकाल लिया और उसे दांतों से फाड़ दिया. सुबह उठने पर कपल को टिकट के टुकड़े मिले तो वह दंग रहे गए.
प्रूफ देने के बाद तैयार हुई लॉटरी कंपनी
नाथन और रेचल ने बताया कि सुबह उठने पर उन्हें उनके कुत्ते काफी शांत दिखे. उन्होंने थोड़ा आगे जाकर देखा तो लॉटरी टिकट कई टुकड़ों में बिखरा हुआ था. कुछ देर तो उनके समझ नहीं आया कि क्या करें. वह काफी निराश भी हुए, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी. उन्होंने लॉटरी के टिकट के टुकड़े इकट्ठा किए और जो जुड़ सकते थे उन्हें जोड़ दिया. इसके बाद वे टिकट को लॉटरी कंपनी के पास ले गए. पहले तो कंपनी ने इसे खारिज किया, लेकिन कपल की रिक्वेस्ट और असल वजह बताने के लिए कुत्तों के साथ लॉटरी के फटे हुए टुकड़े भी दिखाए. इसके बाद कंपनी टिकट को लेने के लिए तैयार हुई.
कंपनी ने बताया इस तरह का पहला केस
लॉटरी टिकट लेने के बाद कंपनी ने उसका मिलान किया तो कपल के इनाम जीतने की पुष्टि हुई. इस मामले पर लॉटरी हाउस का कहना था कि आजतक उनके पास कई तरह के डैमेज टिकट्स आए हैं. कुछ धुले हुए तो कुछ मिट्टी से सने हुए, लेकिन कुत्तों द्वारा टिकट को फाड़ने का पहला केस आया. हालांकि हमने इसे मान्यता देते हुए कपल को इनामी राशि दे दी. बताया गया कि कपल को इस टिकट से 8 डॉलर की लॉटरी निकली थी.