छात्रवृत्ति घोटाले! सीबीआई ने 27 निजी संस्थानों पर की जांच, 11 के खिलाफ चार्जशीट दर्ज

वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2016-17 के दौरान प्रदेश में हुए छात्रवृत्ति घोटाले की सीबीआई जांच शुरू होने के बाद निजी शिक्षण संस्थान सतर्क हो गए हैं। बीते तीन वर्षों से छात्रवृत्ति गबन का प्रदेश में एक भी मामला सामने नहीं आया है।

Update: 2021-12-12 03:43 GMT

वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2016-17 के दौरान प्रदेश में हुए छात्रवृत्ति घोटाले की सीबीआई जांच शुरू होने के बाद निजी शिक्षण संस्थान सतर्क हो गए हैं। बीते तीन वर्षों से छात्रवृत्ति गबन का प्रदेश में एक भी मामला सामने नहीं आया है। शनिवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने यह जानकारी दी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुल 27 निजी शिक्षण संस्थानों के खिलाफ छात्रवृत्ति घोटाले की सीबीआई जांच कर रही है। कोर्ट में 11 संस्थानों के मालिकों और कर्मचारियों के खिलाफ तीन आरोप पत्र भी दायर हो चुके हैं। 16 संस्थानों के संबंध में जांच जारी है। केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन पंडोगा जिला ऊना पर 13.19 करोड़, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन नवांशहर पर 11.33 करोड़ और नौ अन्य संस्थानों पर 30 करोड़ की राशि के दुरुपयोग करने का आरोप है। शिक्षा विभाग और बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर इस बाबत साजिश रची गई हैं। उन्होंने दावा किया कि घोटाले के चलते किसी भी पात्र विद्यार्थी की छात्रवृत्ति नहीं रोकी गई है। लिखित जवाब में शिक्षा मंत्री ने बताया कि छात्रवृत्ति के गबन की राशि और विद्यार्थियों की संख्या का ब्यौरा कोर्ट का फैसला आने के बाद ही उपलब्ध होगा।

प्रदेश के इन 18 संस्थानों पर हैं अनियमितताओं का आरोप
हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट काला अंब, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशयन पंडोगा जिला ऊना, एएसएएमएस एजूकेशन ग्रुप नाहन, एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी, कौशल विकास समिति चंबा, एएसएएमएस शिक्षा समूह फतेहपुर जिला कांगड़ा, एसडीएस एजूकेशन ग्रुप ऊना, अरनी यूनिवर्सिटी काठगढ़ जिला कांगड़ा, एनआईईएलआईटी केंद्र नूरपुर, देवभूमि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट चांदपुर जिला ऊना, एनआईईएलआईटी केंद्र चंबा, एनआईईएलआईटी केंद्र ऊना, बहारा यूनिवर्सिटी, एनआईईएलआईटी केंद्र नाहन, इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऊना, शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बिलासपुर, आईईसी यूनिवर्सिटी बद्दी और स्किल डेवलपमेंट प्राइवेट आईटीआई बडूखर जिला कांगड़ा।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के इन संस्थानों में भी हुई है गड़बड़ी
आईटीएफटी शिक्षा समूह कुराली चंडीगढ़, विद्या ज्योति ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट मोहाली, केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट नवांशहर, सुखजिंद्र ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट दुनेरा पठानकोट, आईसीएल ग्रुप ऑफ कॉलेज हरियाणा, अपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, टेक्निकल हरियाणा, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी धरोन मोहाली, सुखजिंद्र ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट गुरदासपुर और दोआबा खालसा ट्रस्ट मोहाली।

Tags:    

Similar News

-->