चार देशों के राष्ट्रपतियों ने किया कीव का दौरा, अमेरिका ने भी बढ़ाई मदद

चार देशों के राष्ट्रपतियों

Update: 2022-04-14 13:24 GMT
कीव, एपी। रूस जैसी महाशक्ति से लोहा लेने वाले यूक्रेन को अमेरिका समेत तमाम मुल्‍कों से मदद मिल रही है। यही नहीं यूक्रेनी सरकार और सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए मित्र देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्ष भी कीव का दौरा कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक रूस के पड़ोसी चार देशों के राष्ट्रपतियों ने बुधवार को यूक्रेन का दौरा कर मदद का भरोसा दिया। यही नहीं इन राष्ट्रपतियों ने रूस से युद्ध अपराधों की जवाबदेही भी मांगी।
पोलैंड, लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया के राष्ट्रपतियों ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने के लिए यूक्रेन की राजधानी कीव में ट्रेन से यात्रा की। कभी यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा रहे इन देशों के नेताओं ने बोरोड्यांका इलाके का दौरा किया जहां आम नागरिकों पर रूसी सैनिकों के कथित अत्याचार के सबूत सामने आए थे। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गीतानास नौसेदा ने कहा कि यह लड़ाई यूरोप के भविष्य के लिए हो रही है।
वहीं अमेरिका ने यूक्रेन की सैन्य मदद बढ़ाने का फैसला किया है। बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को 80 करोड़ डालर के हथियार देने का एलान किया है। यही नहीं विश्व बैंक भी यूक्रेन को डेढ़ अरब डालर की आर्थिक मदद करने पर विचार कर रहा है। समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुता‍बिक यूक्रेन के वित्‍त मंत्री ने गुरुवार को बताया कि उनका मुल्‍क लगभग आठ अरब डालर की वित्तीय मदद के लिए विदेशी भागीदारों के साथ बातचीत कर रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी वित्त मंत्रालय ने कहा है कि उसने रूसी सैन्य अभियान के बीच कनाडा सरकार के साथ 398 मिलियन डालर के कर्ज समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। कर्ज की यह अवधि 10 वर्ष है। उल्‍लेखनीय है कि अमेरिका समेत पश्चिमी देश रूस के खिलाफ यूक्रेन की लगातार मदद कर रहे हैं। यही नहीं उन्‍होंने रूस पर कई प्रतिबंध भी लगाए हैं।
Tags:    

Similar News

-->