एक बार फिर नवजोत सिंह सिद्धू का पाकिस्तान प्रेम आया सामने, कहा- इमरान मेरा बड़ा भाई, मिलता है बहुत प्यार
सिद्धू ने ‘हिंदुस्तान जीवे, पाकिस्तान जीवे!’ का भी नारा लगाया था।
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार को भारत-पाकिस्तान सीमा पार करते हुए करतारपुर साहिब गुरुद्वारा के दर्शन करने के लिए पहुंचे। करतारपुर पहुंचे सिद्धू का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया गया है जिसमें पाकिस्तानी अधिकारियों को उनका स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। सिद्धू ने इस दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर कहा कि वह उनके बड़े भाई हैं और उन्हें इमरान खान से बहुत प्यार मिला है।
वीडियो में करतारपुर पहुंचे सिद्धू पर पाकिस्तानी अधिकारियों ने फूल बरसाए। करतारपुर के सीईओ ने सिद्धू का स्वागत करते हुए उन्हें फूलों की माला पहनाई। उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री इमरान खान की ओर से आपका स्वागत करता हूं।' इस पर सिद्धू ने कहा, 'मैं आपका बहुत आभारी हूं। इमरान खान मेरा बड़ा भाई है। उसने मुझे बहुत प्यार दिया है।' पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सिद्धू पहले भी पाकिस्तान जाकर विवादों में घिर चुके हैं। पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा के गले लगने के चलते उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।