दुबई की कंपनी का अनोखा तोहफा, महिला कर्मचारी को मिली 4 करोड़ की Lamborghini
बड़ी खबर
Dubai. दुबई। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में एक रियल एस्टेट कंपनी ने अपनी महिला कर्मचारी को ऐसा शानदार तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से हो रही है। दुबई की रियल एस्टेट कंपनी रिचकी प्रॉपर्टीज (Richkey Properties) ने अपनी तीसरी सालगिरह के अवसर पर आयोजित सालाना अवॉर्ड नाइट में टॉप परफॉर्मर नतालिया चावेज को करोड़ों रुपये की लग्जरी कार Lamborghini Urus गिफ्ट की है। रिपोर्टों के अनुसार, नतालिया ने पिछले दो वर्षों में 500 मिलियन डॉलर यानी करीब 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी डील पूरी की थीं। इसी उपलब्धि के लिए कंपनी ने उन्हें विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, कंपनी की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा था। इसी दौरान नतालिया चावेज को वर्ष 2026 की टॉप परफॉर्मर घोषित किया गया। उन्हें अपनी उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी लेने मंच पर बुलाया गया था। ट्रॉफी मिलने के बाद जब नतालिया मंच से वापस जाने लगीं, तभी कंपनी के संस्थापक एवं सीईओ दाबान ओथमान ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने बताया कि नतालिया के लिए एक और खास सरप्राइज रखा गया है। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने काउंटडाउन शुरू हुआ और रिबन काटकर नीले रंग की शानदार Lamborghini Urus कार का अनावरण किया गया।
करोड़ों रुपये की लग्जरी कार को उपहार में पाकर नतालिया हैरान रह गईं। कंपनी ने इस खास पल का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग कंपनी के इस अनोखे इनाम की चर्चा करने लगे। बताया जा रहा है कि नतालिया चावेज ने अपनी मेहनत और बिक्री संबंधी उपलब्धियों से कंपनी में विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने पिछले दो वर्षों में 500 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य की प्रॉपर्टी डील पूरी की हैं। दुबई जैसे प्रतिस्पर्धी रियल एस्टेट बाजार में यह बड़ी कारोबारी उपलब्धि मानी जा रही है।
नतालिया को समारोह में कुल चार प्रमुख पुरस्कार मिले। वर्ष 2026 की पहली तिमाही में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था। इसके बाद दूसरी और तीसरी तिमाही में टॉप परफॉर्मर रहीं। अंत में उन्हें कंपनी की ओवरऑल टॉप परफॉर्मर ऑफ 2026 घोषित किया गया। इस शानदार उपहार की कीमत भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, दुबई में Lamborghini Urus की कीमत लगभग 9 लाख से 15.5 लाख यूएई दिरहम के बीच हो सकती है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 2.3 करोड़ से 4 करोड़ रुपये तक बैठती है। हालांकि, नतालिया को दी गई कार की सटीक कीमत और वेरिएंट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिचकी प्रॉपर्टीज द्वारा अपनी टॉप परफॉर्मर को दिया गया यह उपहार कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की एक अलग मिसाल के तौर पर चर्चा में है। आमतौर पर कंपनियां बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को बोनस, वेतन वृद्धि या पदोन्नति देती हैं, लेकिन यहां कंपनी ने लग्जरी कार देकर कर्मचारी को सम्मानित किया। फिलहाल नतालिया चावेज को Lamborghini Urus गिफ्ट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कंपनी के इस कदम ने दुबई के रियल एस्टेट कारोबार और कर्मचारियों को मिलने वाले बड़े प्रोत्साहन पुरस्कारों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।