Israel-Iran War: अमेरिका-इजरायल ने ईरान पर एक साथ बोला हमला, ट्रंप का पहला बयान आया

देखें वीडियो.

Update: 2026-02-28 07:52 GMT

> अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम फिर से बनाने की कोशिश कर रहा है और लंबी दूरी की मिसाइलें विकसित कर रहा है. ट्रंप ने अमेरिकी सैन्य अभियान जारी रहने और ईरान की मिसाइल क्षमता को नष्ट करने की बात कही.

नई दिल्ली: ईरान के खिलाफ मौजूदा इजरायली हमलों में अमेरिका भी शामिल है। इस बड़ी सैन्य कार्रवाई ने मध्य पूर्व में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। नाम न छापने की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी और सैन्य अभियान से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी एपी को ये जानकारी दी है। शनिवार को इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर दिनदहाड़े हमला एक बड़ा हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य भाग (डाउनटाउन) से धुएं का भारी गुबार उठता देखा गया।

यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खमेनेई के कार्यालय के बेहद करीब हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने पहला बड़ा धमाका यहीं सुना। हमले के वक्त खमेनेई कार्यालय में मौजूद थे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच उन्हें पिछले कुछ दिनों से सार्वजनिक रूप से भी नहीं देखा गया है। राजधानी तेहरान में धमाकों के बीच डाउनटाउन में खामेनेई के कंपाउंड की सड़कें अधिकारियों ने बंद कर दी थीं। ऑपरेशन की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के अनुसार, इजरायली वायुसेना के निशाने पर ईरान की सेना, सरकारी अधिकारी और इंटेलिजेंस टारगेट शामिल थे।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने का दबाव बनाने के लिए इस क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का एक विशाल बेड़ा तैनात कर रखा है।
डोनाल्ड ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए एक नई डील चाहते हैं। ईरान वर्तमान में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों और आंतरिक असंतोष से जूझ रहा है, जिसे ट्रंप एक बड़े कूटनीतिक अवसर के रूप में देख रहे हैं।
ईरान युद्ध से बचना चाहता था, लेकिन उसका सख्त रुख कायम है। उसका कहना है कि उसे यूरेनियम संवर्धन का पूरा अधिकार है। ईरान अपने लंबी दूरी के मिसाइल कार्यक्रमों या हमास और हिजबुल्लाह जैसे सहयोगी सशस्त्र समूहों को समर्थन देने जैसे अन्य गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने से भी इनकार करता रहा है।
इजरायल का बयान: इजरायल के रक्षा मंत्री 'इजरायल काट्ज' ने इस हमले को सही ठहराते हुए कहा कि यह खतरों को दूर करने के लिए किया गया है, हालांकि उन्होंने इसकी ज्यादा विस्तृत जानकारी नहीं दी।
इजरायल में हाई अलर्ट: ईरान पर हमले के साथ ही पूरे इजरायल में भी सायरन बजने लगे। इजरायली सेना ने ईरान की तरफ से संभावित जवाबी मिसाइल हमलों के मद्देनजर जनता के लिए एहतियाती चेतावनी जारी किया है।
ईरान में अफरा-तफरी: हमले के बाद तेहरान में कई और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी सरकारी टीवी ने धमाकों की खबर तो दी, लेकिन शुरुआत में इसका कारण नहीं बताया।
हवाई क्षेत्र बंद: हमले के तुरंत बाद इजरायल और ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र पूरी तरह से बंद कर दिया है और उड़ानों के लिए चेतावनी जारी कर दी गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यह अभी साफ नहीं है कि ईरान तुरंत पलटवार करेगा या नहीं। हालांकि, ईरान ने पहले ही स्पष्ट चेतावनी दी थी कि किसी भी हमले की स्थिति में मध्य पूर्व में फैले अमेरिकी सैन्य ठिकानों और कर्मियों को निशाना बनाया जाएगा। फिलहाल अमेरिकी सेना ने इस हमले पर तुरंत कोई भी आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
Full View

Tags:    

Similar News

null