शुरू हो गई जंग! इजरायल ने ईरान पर हमला किया, अमेरिका की भी होगी एंट्री?
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: इजरायल ने ईरान के खिलाफ "प्रीवेंटीव अटैक" यानी एहतियाती सैन्य कार्रवाई शुरू कर दिया है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने शनिवार सुबह इस ऑपरेशन की पुष्टि की. साथ ही इजरायली सेना ने अपने नागरिकों के लिए "प्रोएक्टिव अलर्ट" जारी करते हुए पूरे देश में सायरन बजाए, ताकि संभावित ईरानी मिसाइल हमलों से पहले लोग सुरक्षित स्थानों पर जा सकें.
इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में कई जोरदार धमाकों की खबर सामने आई है. ईरानी मीडिया और स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, राजधानी के मध्य हिस्से में कम से कम तीन विस्फोट सुने गए. हालांकि ईरानी अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर न तो हमले की पुष्टि की है और न ही नुकसान के स्तर की जानकारी दी है.
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत चल रही है. गुरुवार को जिनेवा में दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की वार्ता हुई थी और आज ही एक और दौर प्रस्तावित था. इस बीच सैन्य कार्रवाई ने कूटनीतिक प्रयासों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले ईरान को "बहुत कठिन" और "बहुत खतरनाक" बताया था. वहीं अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को बढ़ते सुरक्षा खतरे का हवाला देते हुए इजरायल से गैर-जरूरी दूतावास कर्मियों को हटाने की अनुमति दे दी थी.
पश्चिम एशिया पहले से ही तनाव के दौर से गुजर रहा है. इजरायल के इस कदम और तेहरान में धमाकों की खबरों ने हालात को और गंभीर बना दिया है. अब दुनिया की नजर ईरान की संभावित प्रतिक्रिया और आगे की कूटनीतिक स्थिति पर टिकी है.