संयुक्त राष्ट्र महासभा में ईरान की एंट्री लेकिन आलीशान खर्च पर बैन
UN महासभा में शामिल
न्यूयॉर्क : अमेरिका ने ईरान के शीर्ष अधिकारियों को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UN General Assembly) में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क आने की अनुमति दे दी है। हालांकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। उन्हें यात्रा सीमाओं के साथ लग्जरी सामान खरीदने पर भी रोक का सामना करना होगा।
रिपोर्टों के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को महासभा में हिस्सा लेने के लिए वीजा दिया जाएगा। अमेरिका ने यह फैसला संयुक्त राष्ट्र मेजबान देश के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के तहत लिया है। हालांकि ईरानी प्रतिनिधिमंडल का आकार पहले की तुलना में छोटा रखा जाएगा। अधिकारियों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा और वे केवल तय क्षेत्रों तक ही सीमित रहेंगे। इसके अलावा महंगे और गैर-जरूरी लग्जरी सामानों की खरीद पर रोक लगाई गई है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा दुनिया के देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए प्रमुख कूटनीतिक मंच है, जहां वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होती है। इस बार ईरान की मौजूदगी को क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।