नॉर्वे में कंपनी की प्री क्रिसमस पार्टी बनी मुसीबत, 120 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से पूरी दुनिया दहशत में है.
फाइल फोटो
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron Variant) से पूरी दुनिया दहशत में है. अब तक किसी को समझ नहीं आया है कि यह वेरिएंट कोरोना के अन्य वेरिएंट से कितना खतरनाक है. फिर भी ऐतिहातन ज्यादातर देशों ने अपने यहां कोरोना गाइडलाइन को और भी सख्त कर दिया है. विदेशियों पर यात्रा प्रतिबंध भी लगाए गए हैं. इस बीच नॉर्वे में प्री क्रिसमस पार्टी (Christmas party)की वजह से ओमिक्रॉन का विस्फोट हुआ है. नार्वे की राजधानी ओस्लो और इसके आसपास के शहरों में कम से कम 120 लोग कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मामले ओस्लो के एक रेस्तरां से जुड़े है. यहां एक कंपनी ने पिछले हफ्ते प्री क्रिसमस की पार्टी दी थी. ओस्लो नगरपालिका ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के और मामले आने की आशंका है. मरीजों के संपर्क का पता लगाया जा रहा है. संक्रमण को रोकने लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं.
नॉर्वेजियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ ने कहा है कि प्रभावित लोग ओस्लो और आसपास के नगरपालिका क्षेत्र में रहते हैं. ओस्लो में संक्रमण का पता लगाने वाली टीम ने संबंधित नगर पालिकाओं से संपर्क किया है. सरकारी एजेंसी ने कहा कि 120 से ज्यादा मामले आए हैं. ज्यादातर लोगों ने वैक्सीन की दो डोज ले रखी थी. नॉर्वे ने सोमवार को ओमिक्रॉन के पहले दो मामलों की पुष्टि की थी.
बता दें कि कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन महज 9 दिन के अंदर 38 देशों में फैल चुका है. दक्षिण अफ्रीका से शुरू हुआ यह वेरिएंट अब भारत तक पहुंच चुका है. यही नहीं, इस वेरिएंट का फैलाव डेल्टा वेरिएंट से कई गुना ज्यादा है. डेल्टा वेरिएंट की वजह से भारत में दूसरी लहर आई थी.