China Blast : रविवार (18 जनवरी) को चीन के इनर मंगोलिया ऑटोनॉमस रीजन के पश्चिमी हिस्से में बाओटौ शहर में एक स्टील प्लांट में ज़ोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज़ था कि आसपास के इलाकों में भूकंप जैसा महसूस हुआ और कई इमारतें हिल गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, इस घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं। चौरासी अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सरकारी न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि धमाके की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि आसपास के इलाके में "साफ़ झटके" महसूस किए गए।
धमाका बाओगांग यूनाइटेड स्टील प्लेट प्लांट में दोपहर करीब 3 बजे हुआ। घटना के बाद प्लांट से ऊंची लपटें और घना धुआं उठता देखा गया। सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे वीडियो में पूरी फैक्ट्री आग की लपटों में घिरी दिख रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांच लोग अभी भी लापता हैं। घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। इनर मंगोलिया ऑटोनॉमस रीजन और बाओटौ शहर से फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान जारी है।धमाके की वजह अभी पता नहीं चली है। अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है। इसने एक बार फिर चीन में औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हाल के सालों में देश में कई बड़े औद्योगिक हादसे हुए हैं।