अमेरिकी सेना में बड़ा बदलाव, जनरल्स-एडमिरल्स की संख्या 20% घटेगी
अमेरिकी सेना का नया प्लान
वॉशिंगटन: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना के शीर्ष नेतृत्व ढांचे में बड़े बदलाव की घोषणा की है। इसके तहत अमेरिकी सेना में जनरल और एडमिरल स्तर के पदों की कुल संख्या में करीब 20 फीसदी कटौती की जाएगी। यह कटौती सीधे सभी अधिकारियों को हटाने के बजाय कुछ पद समाप्त करने और कुछ पदों का स्तर कम करने के जरिए लागू की जा सकती है।
इसके साथ ही पेंटागन ने Autonomous Warfare Command बनाने की घोषणा की है। यह नया कमांड ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वायत्त हथियार प्रणालियों और रोबोटिक क्षमताओं के विस्तार पर काम करेगा। इसका उद्देश्य कम लागत वाली आधुनिक तकनीकों को तेजी से अमेरिकी सैन्य अभियानों में शामिल करना है।
रक्षा मंत्री के मुताबिक आधुनिक युद्ध तेजी से तकनीक आधारित हो रहा है और ड्रोन तथा स्वायत्त प्रणालियां भविष्य की सैन्य रणनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगी। नए कमांड को अमेरिकी सेना की अलग-अलग शाखाओं में रोबोटिक और स्वायत्त प्रणालियों को बड़े स्तर पर लागू करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
शीर्ष सैन्य पदों में प्रस्तावित कटौती पहले घोषित 10 फीसदी कमी से आगे का कदम है। नई योजना के तहत जनरल और एडमिरल स्तर के पदों की संरचना को अधिक सीमित और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया है।