पूर्व प्रधानमंत्री के ऊपर हमला करने की कोशिश, सुरक्षा में तैनात गार्डों से हाथापाई
पढ़े पूरी खबर
प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से नाराज पीटीआई के कार्यकर्ताओं ने लंदन में पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन उनकी सुरक्षा में तैनात गार्ड ने हमले को नाकाम कर दिया. कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान गार्डों से उनकी हाथापाई भी हुई. इस दौरान नवाज शरीफ के एक सुरक्षा गार्ड को चोटें आईं. नवाज शरीफ के एक बॉडीगार्ड ने मारपीट की शिकायत की जिसके बाद स्कॉटलैंड यार्ड ने शायन अली और उनकी मां सदफ मुमताज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
जानकारी के मुताबिक, अहसान डार सुरक्षा फर्म सिस्टेमैटिक सिक्योरिटी लिमिटेड के मालिक हैं, जो नवाज शरीफ को सुरक्षा प्रदान करती है. अहसान डार ने बताया कि उनकी सुरक्षा फर्म के दो सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया गया है. आरोपी शायन अली और उनकी मां सद्दाफ मुमताज लंदन के उक्सब्रिज इलाके से हैं.
अहसान डार ने कहा कि शायन अली और उनकी मां ने एक अन्य व्यक्ति के साथ पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर हमला करने की कोशिश की, जब वे शनिवार दोपहर को डॉक्टर अदनान खान और अपने दो सुरक्षा गार्डों के साथ अपने कार्यालय से बाहर आ रहे थे. अहसान डार ने कहा कि लगभग आठ लोग थे जो कारों में छिपे हुए थे और जैसे ही उन्होंने नवाज शरीफ को बाहर आते देखा, उन पर हमला करने के लिए कूद पड़े.
उधर, पुलिस हमले की जांच कर रही है और घायल गार्ड का अस्पताल में इलाज चल रहा है. सिस्टेमैटिक सिक्योरिटी लिमिटेड इस हमले को बहुत गंभीरता से ले रहा है. सिक्योरिटी फर्म की ओर से कहा गया है कि हमने पुलिस से शायन अली और सदफ मुमताज को गिरफ्तार करने के लिए कहा है, वे दोनों हिंसक हैं. उनके खिलाफ पहले भी सार्वजनिक स्थानों पर हिंसक बर्ताव करने का आरोप लग चुका है.
अहसान डार ने कहा कि शायन अली और सदफ मुमताज अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे. दोनों जब नवाज शरीफ की ओर बढ़े तब गार्डों ने उन्हें रोक लिया. उधर, शायन अली के पिता शाहिद अली ने कहा कि नवाज शरीफ के गार्डों ने उनकी पत्नी और बेटे के साथ गलत व्यवहार किया है.
वहीं, नवाज शरीफ ने पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री इमरान खान को राजद्रोह का दोषी बताया है. साथ ही कहा है कि उनके साथ शामिल लोग भी देश के खिलाफ अपराध रचने की साजिश में राजद्रोह के दोषी हैं. इमरान समेत उनके खिलाफ संविधान का अपमान करने का मुकदमा चलाया जाना चाहिए.
पूर्व प्रधानमंत्री की टिप्पणी राष्ट्रपति आरिफ अल्वी द्वारा नेशनल असेंबली को भंग करने की प्रधानमंत्री इमरान खान की सलाह को मंजूरी देने के बाद आई है. वर्तमान में लंदन में रह रहे शरीफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, "आज सत्ता के लालच में एक व्यक्ति ने संविधान को कुचल दिया."
उधर, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता शहबाज शरीफ ने इमरान खान को संविधान और लोकतंत्र का गद्दार करार दिया. विपक्ष के नेता और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी ने कहा कि नेशनल असेंबली के उपाध्यक्ष कासिम सूरी ने अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर एक असंवैधानिक कार्य किया है. नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर सूरी ने इससे पहले प्रधानमंत्री खान के खिलाफ संयुक्त विपक्ष द्वारा प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव को अनुच्छेद 5 के तहत असंवैधानिक करार दिया था.