वार्षिक हज यात्रा सऊदी अरब में शुरू, 10 लाख मुसलमान इस साल ले रहे हैं हिस्सा

1,000 सऊदी निवासियों को हज की अनुमति मिली थी। भारत और पाकिस्‍तान से भी बड़ी संख्‍या में लोग सऊदी अरब पहुंचे हैं।

Update: 2022-07-07 10:15 GMT

मक्का: कोरोना वायरस के चलते दो वर्ष तक प्रभावित रहने के बाद सऊदी अरब में इस साल पूरे जोर-शोर के साथ हज यात्रा शुरू हो गई है और दुनियाभर के 10 लाख मुसलमान इसमें हिस्सा ले रहे हैं। शारीरिक और वित्तीय रूप से सक्षम मुसलमानों को जीवन में कम से कम एक बार हज यात्रा करने के लिए कहा जाता है। इस दौरान वह उन स्थानों की यात्रा करते हैं, जहां लगभग 1,400 वर्ष पहले पैंगबर मोहम्मद ने अपना जीवन बिताया था।


हज यात्रा शुरू होने के बाद पांच दिन तक यात्री विभिन्न रस्म पूरी करते हैं। इनमें इस्लाम के सबसे पवित्र स्थल काबा के आसपास इबादत करना शामिल है। बृहस्पतिवार को मस्जिद हरम के आंगन में हजारों हज यात्रियों ने काबा के आसपास तवाफ (परिक्रमा) किया। हालांकि इस दौरान पिछले दो साल की तुलना में अलग नजारा देखने को मिला है। कोविड-19 के चलते जहां साल 2020 और 2021 में हजयात्री पाबंदियों का कड़ाई से पालन करते दिखे थे, इस बार उतनी सख्ती दिखाई नहीं दे रही।


10 लाख विदेशी और घरेलू यात्रियों को हज की अनुमति
कई हज यात्री बिना मास्क के यात्रा करते दिख रहे हैं। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन भी इस बार बहुत कम दिखाई दे रहा है। इस साल केवल उन 10 लाख विदेशी और घरेलू यात्रियों को हज की अनुमति दी गई है, जिनका टीकाकरण पूरा हो चुका है या कोरोना से संक्रमित नहीं हैं। इस साल केवल 18 से 65 वर्ष की आयु के यात्रियों को हज की अनुमति है।
अधिकारियों के अनुसार 85 प्रतिशत हज यात्री विदेशी हैं। हालांकि इस साल भी हज यात्रियों की संख्या कोविड-19 से पहले की तुलना में काफी कम है, जब हर साल लगभग 25 लाख लोग हज यात्रा करते थे। साल 2020 में जब कोविड-19 अपने चरम पर था तब केवल 1,000 सऊदी निवासियों को हज की अनुमति मिली थी। भारत और पाकिस्‍तान से भी बड़ी संख्‍या में लोग सऊदी अरब पहुंचे हैं।

Tags:    

Similar News