Indore. इंदौर। किसी भी खबर की असली ताकत सिर्फ उसे सामने लाने में नहीं, बल्कि उसे लोगों तक पहुँचाने में होती है। जब कोई व्यक्ति अपने क्षेत्र की आवाज़ को लगातार लोगों तक पहुँचाता है, स्थानीय मुद्दों को सामने लाता है और अपनी सक्रियता से ज्यादा लोगों को उनसे जोड़ता है, तो उसकी भूमिका महज एक रिपोर्टर तक सीमित नहीं रहती। पृथक बुंदेलखंड की माँग और बुंदेलखंड से जुड़े मुद्दों को लगातार अपनी आवाज़ देने वाले बुंदेलखंड 24x7 ने इसी सक्रिय भागीदारी को पहचान देते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के तीन श्रेष्ठ रिपोर्टर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया है। इन तीनों का चयन देशभर से जुड़े 78 चैनल पार्टनर्स में से उनके कंटेंट को मिले व्यूज़ और एंगेजमेंट के आधार पर किया गया है।
इस सम्मान में पहला स्थान ललितपुर के इमरान मंसूरी को मिला। उन्हें 5,100 रुपए की सम्मान राशि, मेडल और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। दूसरे स्थान पर दमोह के पथरिया से सलमान खान रहे, जिन्हें 2,100 रुपए की सम्मान राशि और मेडल प्रदान किया गया। वहीं, तीसरे स्थान पर मध्य प्रदेश के निवाड़ी के कमल सोनी को चुना गया, जिन्हें 1,100 रुपए की सम्मान राशि और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
बुंदेलखंड 24x7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा, "बुंदेलखंड की अपनी पहचान और अपनी आवाज़ है। इन्हें लोगों तक पहुँचाने में हमारे रिपोर्टर्स की भूमिका बेहद अहम् है। इमरान मंसूरी, सलमान खान और कमल सोनी को मिला यह सम्मान उनकी सक्रियता, मेहनत और लोगों से उनके जुड़ाव की पहचान है। हमारा प्रयास है कि बुंदेलखंड से जुड़े मुद्दों को ज्यादा मजबूती से सामने लाया जाए और उन लोगों को प्रोत्साहन मिले, जो लगातार अपने क्षेत्र की आवाज़ बनने का काम कर रहे हैं।"
इन तीनों का चयन उनकी सक्रियता के साथ-साथ उनके कंटेंट को मिलने वाले व्यूज़ और एंगेजमेंट के आधार पर किया गया। अपने-अपने क्षेत्रों की खबरों, स्थानीय मुद्दों और लोगों से जुड़े विषयों को सामने लाने में उनकी निरंतर भागीदारी ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए इन रिपोर्टर्स की खबरें बड़ी संख्या में लोगों तक पहुँचीं, जिससे उनके काम की पहुंच और प्रभाव को भी पहचान मिली। बुंदेलखंड 24x7 बुंदेलखंड के मुद्दों और यहाँ के लोगों से जुड़ी आवाज़ों को सामने लाने के लिए अपने रिपोर्टर्स के नेटवर्क के जरिए काम कर रहा है। क्षेत्र की समस्याओं से लेकर स्थानीय स्तर पर उठने वाली आवाज़ों तक, रिपोर्टर्स की भूमिका इन मुद्दों को लोगों के बीच लाने में अहम् रहती है। ललितपुर के इमरान मंसूरी, दमोह के सलमान खान और निवाड़ी के कमल सोनी को मिला यह सम्मान इसी सक्रियता और निरंतर जुड़ाव की पहचान है।
Tags: