YouTube: YouTube से एक बार बैन किए जा चुके क्रिएटर्स के लिए खुशखबरी है। कंपनी ने घोषणा की है कि बैन किए गए क्रिएटर्स को दूसरा मौका दिया जाएगा। Google के स्वामित्व वाले इस प्लेटफ़ॉर्म ने कहा है कि वह एक नया फ़ीचर शुरू कर रहा है जिससे पहले बैन किए गए क्रिएटर्स नए चैनल के लिए आवेदन कर सकेंगे। गौरतलब है कि कंपनी के पुराने नियमों के तहत क्रिएटर्स पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाता था। अब इन नियमों में बदलाव किया जा रहा है।
YouTube ने यह कहा:
YouTube ने अपने ब्लॉग पोस्ट में लिखा है कि कई बैन किए गए क्रिएटर्स को दूसरा मौका मिलना चाहिए। ऐसे क्रिएटर्स को नए सिरे से शुरुआत करने और प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी राय रखने का एक नया मौका दिया जाएगा। इस नए फ़ीचर से वे क्रिएटर्स, जिन्हें COVID-19 महामारी और चुनावी मौसम के दौरान गलत सूचना फैलाने के लिए बैन किया गया था, नया चैनल बना सकेंगे। हालाँकि, केवल वे क्रिएटर्स ही नए चैनल के लिए पात्र होंगे जिनके चैनल कम से कम एक साल से बैन हैं। ऐसे क्रिएटर्स को आने वाले दिनों में YouTube स्टूडियो में नया चैनल खोलने का विकल्प मिलेगा।
ऐसे क्रिएटर्स को कोई राहत नहीं
YouTube प्रतिबंधित क्रिएटर्स को दूसरा मौका दे रहा है, लेकिन नए नियमों से उन क्रिएटर्स को कोई राहत नहीं मिलेगी जिनके चैनल कॉपीराइट उल्लंघन और क्रिएटर्स रिस्पॉन्सिबिलिटी पॉलिसी के उल्लंघन के कारण प्रतिबंधित किए गए थे। इसके अलावा, जिन क्रिएटर्स ने पहले ही अपने चैनल हटा दिए हैं, उन्हें भी नए नियमों का लाभ नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि यह नया फैसला उस चलन का हिस्सा है जिसमें Google और अन्य कंपनियां अपने नियमों में ढील दे रही हैं। इन कंपनियों ने COVID-19 महामारी और 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान अफवाहों और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए अपने नियमों को कड़ा किया था।