मुंबई: जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी इंडिया ने मंगलवार को अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने इसके पीछे बढ़ती इनपुट लागत और लंबे समय तक कारोबार को टिकाऊ बनाए रखने की जरूरत का हवाला दिया है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि नई कीमतें 1 जनवरी, 2027 से लागू होंगी।
ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि ऑटो इंडस्ट्री पर पड़ रहे महंगाई के दबाव को देखते हुए, कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी को जितना संभव हो सके, उतना कम रखने की कोशिश की है।
ढिल्लों ने कहा, "बढ़ती इनपुट लागत को देखते हुए, हम कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर रहे हैं। हमारे कारोबार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने के लिए यह बदलाव जरूरी है।"
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी का मुख्य फोकस ग्राहकों को एक बेहतरीन अनुभव देना और ब्रांड पर उनके भरोसे को बनाए रखना है।
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब ऑटोमोबाइल सेक्टर में कीमतें बढ़ाने का चलन देखा जा रहा है, क्योंकि कंपनियां इनपुट, प्रोडक्शन और ऑपरेटिंग लागत में हो रही बढ़ोतरी से जूझ रही हैं।
इस फैसले के साथ, ऑडी इंडिया भी उन कार निर्माताओं की सूची में शामिल हो गई है जिन्होंने कीमतें बढ़ाई हैं। कंपनियां प्रतिस्पर्धी बाजार में ग्राहकों की मांग को संतुलित करते हुए अपने मुनाफे (मार्जिन) को बचाने की कोशिश कर रही हैं।
मारुति सुजुकी इंडिया ने भी अपने कुछ चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 22 नवंबर से लागू हो गई है। इसमें औसत रूप से लगभग 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने कहा कि महंगाई के माहौल में लगातार बढ़ते लागत दबाव के कारण कीमतों में यह बदलाव करना जरूरी हो गया था। कंपनी ने अपनी कार्यक्षमता सुधारने और अतिरिक्त लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन करने की कोशिश भी की थी।
इसके अलावा, मारुति सुजुकी ने 2026 के दौरान कई बार कीमतें बढ़ाई हैं, जिसमें सितंबर में कुछ चुनिंदा मॉडलों पर 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी भी शामिल है।
वहीं दूसरी ओर, टाटा मोटर्स ने 1 अक्टूबर से अपने कमर्शियल वाहनों की कीमतों में 1 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।