नई दिल्ली: Samsung यूजर्स के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। कंपनी जल्द ही एक ऐसा फीचर अपने UI में दे सकती है जिसके जरिए चुटकी में शॉर्ट वीडियो बनाए जा सकेंगे। यूजर को न किसी ऐप की जरूरत होगी और न ही एडिटिंग करने की। कथित तौर पर कंपनी नए Galaxy AI फीचर पर काम कर रही है। इसके आने के बाद फोन में मौजूद फोटो से ही वीडियो और शॉर्ट्स बनाए जा सकेंगे। आइए जानते हैं डिटेल।
सैमसंग जल्द ही नया Galaxy AI फीचर लॉन्च कर सकती है जिससे शॉर्ट्स और छोटे वीडियो बनाए जा सकेंगे। फीचर का नाम Shorts हो सकता है। आपके फोन में मौजूद फोटो को इस्तेमाल करके ये बनाए जा सकेंगे। यूजर को वीडियो या शॉर्ट्स क्रिएट करने के लिए किसी ऐप की जरूरत नहीं रहेगी। SamMobile की रिपोर्ट की मानें तो कंपनी के लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट One UI 9.5 के बीटा अपडेट में यह फीचर आ सकता है। खासतौर पर फीचर को गैलरी ऐप के लिए डेवलप किया जा सकता है।
कहा जा रहा है कि यूजर चाहे जैसे इससे वीडियो क्रिएट कर सकेगा। इसमें खुद से वीडियो बनाने की क्षमता भी होगी, या चाहे तो यूजर प्रॉम्प्ट डालकर भी मनचाहा वीडियो बनवा सकेगा। अगर ऐसा होता है तो सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा। सीधे फोन की गैलरी से वीडियो, शॉर्ट्स बनेंगे जिन्हें सीधे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा सकेगा।
यूजर के पास Shorts को कस्टमाइज करने का ऑप्शन भी मिल सकता है। वह नए फॉन्ट भी डाउनलोड कर सकता है और ऑडियो भी डाउनलोड कर सकता है ताकि मनपसंद वीडियो बनवाया जा सके। गैलरी के स्टोरीज सेक्शन में ये वीडियो जाकर दिखाई देंगे। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि कथित अपकमिंग फीचर पेड हो सकता है, यानी इसके लिए यूजर से चार्ज लिया जा सकता है। बहरहाल, अभी यह डेवलपमेंट फेज में है, जल्द ही इसे लेकर कोई और अपडेट आ सकता है।