नई दिल्ली: क्रिकेट में अनिश्चितता हमेशा से रही है. कभी आखिरी गेंद पर छक्का, कभी सुपर ओवर, कभी नो-बॉल विवाद, कभी फैन का मैदान में घुस जाना. लेकिन कुछ साल पहले श्रीलंका की Lanka Premier League (LPL) में जो हुआ, उसने क्रिकेट के 'अनप्रेडिक्टेबल' होने की परिभाषा ही बदल दी थी. वहां खिलाड़ियों को सिर्फ गेंदबाजों से नहीं, बल्कि सांपों से भी बचना पड़ रहा था.
आज IPL में कैमरे हर एंगल पकड़ लेते हैं. किसी खिलाड़ी का गुस्सा, डगआउट का रिएक्शन, स्टैंड्स में बैठे फैन्स या फिर वायरल मोमेंट्स. मगर 2023 की LPL में कैमरों ने जो कैद किया, वह किसी स्पोर्ट्स मैच से ज्यादा नेशनल ज्योग्राफिक जैसा लग रहा था.
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में उस सीजन सांपों ने जैसे अपनी स्थायी मौजूदगी दर्ज करा दी थी. शुरुआत में लोगों ने इसे एक मामूली घटना माना. लगा कि शायद बारिश या मौसम की वजह से कोई सांप गलती से मैदान तक आ गया होगा. लेकिन जब बार-बार ऐसा होने लगा, तब खिलाड़ियों से लेकर कैमरा मैन तक सभी सतर्क रहने लगे.
सबसे चर्चित घटना B-Love Kandy और Jaffna Kings के मुकाबले में हुई. मैच अपने रोमांचक मोड़ पर था. जाफना की टीम 179 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. मैदान पर अनुभवी खिलाड़ी शोएब मलिक और थिसारा परेरा मौजूद थे. रन तेजी से बन रहे थे और मुकाबला आखिरी ओवरों की तरफ बढ़ रहा था.
कैंडी के तेज गेंदबाज इसुरु उदाना (Isuru Udana) अपनी फील्डिंग पोजिशन की ओर बढ़ रहे थे. उनकी नजर शायद बल्लेबाज पर थी, लेकिन अगले ही पल उन्होंने नीचे देखा और घबरा गए. उनके पैर के बेहद करीब एक सांप रेंग रहा था. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा कि उनका पैर सीधे उस पर पड़ जाएगा.
उदाना तुरंत पीछे हटे. उनके चेहरे का डर कैमरे में साफ दिख रहा था. क्रिकेट मैदान पर तेज गेंदबाजों का सामना करने वाले खिलाड़ी भी उस पल पूरी तरह असहज नजर आए. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते देर नहीं लगी.