Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने रचा एक और इतिहास, जीता एक और गोल्ड

Update: 2025-07-06 05:33 GMT
Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने रचा एक और इतिहास, देश का नाम फिर किया रोशन... जीता एक और गोल्ड: नीरज चोपड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी ने एक और बड़ा कारनामा कर दिखाया है। जिसके साथ उनका नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। 27 वर्षीय एथलीट ने नीरज चोपड़ा क्लासिक के पहले सीजन में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 86.18 मीटर दूर भाला फेंककर यह उपलब्धि हासिल की। ​​नीरज ने 11 अन्य एथलीटों को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया।
5 जुलाई को बेंगलुरु में नीरज चोपड़ा क्लासिक टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इस भाला फेंक स्पर्धा में 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता। आपको बता दें कि इस प्रतियोगिता का आयोजन नीरज, जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और वर्ल्ड एथलेटिक्स ने मिलकर किया था।
नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उनका पहला प्रयास फाउल रहा। दूसरे प्रयास में भारतीय एथलीट ने भाला 82.99 मीटर दूर फेंका। तीसरे प्रयास में नीरज ने 86.18 मीटर दूर फेंका। इसके चलते वह गोल्ड जीतने में सफल रहे। नीरज चोपड़ा का चौथा प्रयास फिर से फाउल रहा, जबकि पांचवें प्रयास में उन्होंने 84.07 मीटर और छठे प्रयास में 85.76 मीटर दूर भाला फेंका। केन्या के जूलियन येगो (84.51) दूसरे स्थान पर रहे। श्रीलंका के रमेश पथिरगे (84.34) तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रतियोगिता में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे।
Tags:    

Similar News