मिस्र की राजधानी काहिरा में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय महिला निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. रविवार 6 मार्च को राही सरनोबत, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की भारतीय टीम ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया. भारतीय टीम ने सिंगापुर पर रोमांचक फाइनल में 17-13 से जीत हासिल कर देश को टूर्नामेंट में तीसरा गोल्ड दिलाया. 

इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था. उस टीम में ईशा सिंह, निवेता पी और रुचिता विनेरकर थीं, जिन्होंने जर्मनी को हराकर मेडल जीता था. वहीं रविवार को ही श्रीयंका साडंगी और अखिल शेरोन ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस मिश्रित टीम वर्ग में कांस्य पदक जीता.
ईशा ने अभी तक 3 मेडल अपने नाम कर लिए हैं. रविवार को उन्होंने अपना दूसरा गोल्ड जीता. इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जबकि महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था.
भारत मेडल टैली में 5 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत के लिए सौरभ चौधरी ने पुरुषों की दस मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि ईशा सिंह ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक हासिल किया था.
Tags: