IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-27 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट से जीत हासिल की. 12 अप्रैल (शनिवार) को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद को जीत के लिए 246 रनों का मिला था, जिसे उसने 19वें ओवर में हासिल कर लिया.सनराइजर्स हैदराबाद की जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे. अभिषेक ने ऐतिहासिक पारी खेलकर पंजाब किंग्स को पस्त कर दिया. पंजाब द्वारा बनाए गए 245 रन भी कम पड़े. अभिषेक ने 55 गेंदों पर 141 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 14 चौके शामिल रहे.
टारगेट का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही.अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने पहले ओवर से ही चौके-छक्कों की बारिश शुरू कर दी. अभिषेक को तो किस्मत का भी साथ मिला. पारी के चौथे ओवर में यश ठाकुर की गेंद पर अभिषेक का कैच शशांक सिंह ने लपका था, लेकिन वो गेंद नो-बॉल निकली. अभिषेक तब 28 रनों पर खेल रहे थे. इस जीवनदान का अभिषेक ने फायदा उठाया और 19 गेंदों पर ही फिफ्टी जड़ दी. हेड और अभिषेक की तूफानी बैटिंग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 ओवरों में ही 143 रन कूट डाले.
Tags: