बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के अध्यक्ष अविषेक डालमिया (Avishek Dalmiya) को कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद मंगलवार को शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. डालमिया ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि उनमें बुखार जैसे कोविड-19 के लक्षण नजर आ रहे थे और उनकी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.

एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "एहतियाती कदम के तौर पर उन्हें वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उन्हें मोनोकलोनल एंटीबॉडी कॉकटेल थेरेपी दी जाएगी और अभी उनकी स्थिति स्थिर है." पिछले हफ्ते भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को भी पॉजिटिव पाए जाने के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका चार दिन तक उपचार चला था.
बंगाल के पूर्व कप्तान लक्ष्मी रतन शुक्ला (Laxmi Ratan Shukla) भी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं. वह राज्य की अंडर-23 टीम के कोच हैं. अधिकारी ने कहा, "उसे तेज बुखार है और उनकी परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और उसे घर में आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है.
बंगाल टीम के 6 खिलाड़ी कोरोना संक्रमित
इससे पहले, बंगाल क्रिकेट टीम के 7 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. इतनी संख्या में बंगाल टीम के खिलाड़ियों के संक्रमित पाए जाने के बाद मुंबई के खिलाफ होने वाला दो दिवसीय अभ्यास मैच रद्द कर दिया गया था. इससे 13 जनवरी से शुरू हो रही रणजी ट्रॉफी के लिए बंगाल टीम की तैयारी भी प्रभावित हुई थी. बंगाल को विदर्भ, राजस्थान, केरल, हरियाणा और त्रिपुरा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है. वह अपना पहला मैच 13 जनवरी से बेंगलुरू में त्रिपुरा के खिलाफ खेलेगा. खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद सीएबी ने सभी लोकल टूर्नामेंट भी रोक दिए हैं.
बीते सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार पश्चिम बंगाल में कोविड के 6,078 नए मामले आए, जिससे कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 16,55,228 हो गई है. पिछले 24 घंटे में 13 लोगों की मौत के बाद इस वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 19,794 हो गई है.


Tags: