जीवन में सुख-शांति और समृद्धि के लिए करें इन 6 चीजों की पूजा

हर कोई एक सुखी जीवन की कामना करता है। हर इंसान की कामना होती है कि उसका और उसके परिवार का जीवन खुशियों से भरा रहे

Update: 2022-03-22 03:40 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हर कोई एक सुखी जीवन की कामना करता है। हर इंसान की कामना होती है कि उसका और उसके परिवार का जीवन खुशियों से भरा रहे। कभी भी धन-धान्य की कमी न हो। इसके लिए लोग कड़ी मेहनत भी करते हैं। लेकिन कभी-कभी कड़ी मेहनत करने के बाद भी कुछ लोगों का भाग्य साथ नहीं देता और उन्हें हमेशा असफलता और निराशा ही हाथ लगती है। अगर आपको भी लगातार निराशा हाथ लग रही है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। शास्त्रों और पुराणों में कुछ उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है। गरुड़ पुराण में भी जीवन को सफल बनाने के लिए कई मंत्रों का जिक्र किया गया है। इसके अलावा गरुड़ पुराण में कुछ ऐसी चीजों की उपासना का जिक्र किया गया है, जिसे करने से जीवन में सबकुछ प्राप्त किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

भगवान विष्णु
गरुड़ पुराण के अनुसार, यदि कोई जातक अपने दिन की शुरुआत भगवान विष्णु की भक्ति के साथ करता है, तो उसे अपने काम में सफलता जरूर मिलती है। ऐसे में रोजाना भगवान विष्णु की पूजा और उपासना करनी चाहिए। मान्यता है कि भगवान विष्णु अपने भक्तों के सभी दुःखों को खत्म करके उनके जीवन में सुख-शांति प्रदान करते हैं।
एकादशी व्रत
गरुड़ पुराण के अलावा कई धार्मिक ग्रंथों में एकादशी व्रत को श्रेष्ठ बताया गया है। मान्यता है कि जो व्यक्ति पूरी निष्ठा के साथ एकादशी का व्रत करता है, उसे हमेशा उसका शुभ फल प्राप्त होता है। इसलिए जीवन में खुशहाली के लिए हर किसी को एकादशी का व्रत जरूर करना चाहिए।
गंगा नदी
गंगा नदी को सभी नदियों में श्रेष्ठ माना गया है। गरुड़ पुराण में भी गंगा के जल को सभी पापों से मुक्ति दिलाने वाला बताया गया है। ऐसे में नियमित गंगा माता की पूजा करनी चाहिए। साथ ही किसी देवी या देवता को जल देते समय पानी में थोड़ा सा गंगा जल जरूर मिलाना चाहिए।
तुलसी
तुलसी के पौधे का संबंध सीधे भगवान विष्णु से है। तुलसी को विष्णु प्रिया भी कहा जाता है। गरुड़ पुराण के मुताबिक, तुलसी की नियमित पूजा करने से जीवन में सभी सुखों की प्राप्ति होती है। इसके अलावा तुसली के नीचे दीया जलाने का भी खास महत्व है।
गाय
हिंदू धर्म में गाय को पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि गाय के शरीर में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे में जो भी व्यक्ति गाय को देवतुल्य मानकर उसकी पूजा-अर्चना करता है, उसकी सभी परेशानियों का अंत हो जाता है और पापों से भी मुक्ति मिल जाती है।
पंडित या ज्ञानी पुरुष
गरुड़ पुराण में कहा गया है कि ज्ञानी पुरुष या पंडित का हमेशा सम्मान करना चाहिए। जो लोग ज्ञानवान लोगों का सम्मान करते हैं, वे जीवन में हमेशा सफल रहते हैं।
Tags:    

Similar News