MP News: खेत जा रहे किसान परिवार पर मधुमक्खियों ने किया हमला, 7 लोग घायल
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के मनकी कटरिया गांव में घर से खेत जा रहे किसान और उसके परिवार पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कुल सात लोग घायल हो गए हैं. किसान और उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. मिली जानकारी के मुताबिक किसान प्रेम सिंह यादव उम्र 60 साल अपने परिवार के साथ खेत जा रहे थे. तभी घर के पास एक पेड़ पर बड़ी संख्या में बैठी मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया. मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से परिवार कुछ समझ नहीं पाया|
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें कई जगह मधुमक्खियों ने काटा है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह किसान और उसके परिवार की जान बचाई गई और सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. इस घटना में किसान और उनकी पत्नी गुड्डी यादव उम्र 53 साल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है|
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले मधुमक्खियों का ऐसा हमला कभी नहीं देखा। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी पक्षी ने मधुमक्खियों के छत्ते को छेड़ दिया होगा, जिसके चलते उन्होंने हमला किया। ड्यूटी डॉक्टर प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है और उन्हें जरूरी मेडिकल सहायता मुहैया कराई जा रही है।