Mangalvaar Puja: हिंदू धर्मग्रंथों में सप्ताह का प्रत्येक दिन किसी न किसी देवता और ग्रह को समर्पित है। इनमें से मंगलवार को विशेष रूप से हनुमान जी और मंगल ग्रह का दिन माना जाता है। इस दिन को शक्ति और ऊर्जा का प्रतीक भी माना जाता है।
शास्त्रों के अनुसार, हनुमान जी की पूजा और मंगलवार का व्रत करने से सभी दुख दूर हो जाते हैं। साथ ही ग्रह दोषों और शनि के प्रभाव से भी मुक्ति मिलती है।
मंगलवार को हनुमान जी की पूजा का महत्व:
स्कंद पुराण में बताया गया है कि बजरंगबली का जन्म मंगलवार के दिन हुआ था। इसलिए इस दिन हनुमान जी की पूजा करना अत्यंत फलदायी माना जाता है। बजरंगबली को भक्ति, साहस और शक्ति का स्वरूप माना जाता है।
उनकी पूजा या नाम लेने मात्र से ही भक्तों के जीवन से भय, बाधाएं और रोग दूर हो जाते हैं।
मंगल से जुड़ा है मंगलवार का दिन:
ज्योतिष में मंगल को ग्रहों का सेनापति कहा जाता है। यह सभी ग्रहों को एक साथ रखता है। मंगल को पराक्रम, ऊर्जा और साहस से जुड़ा ग्रह माना जाता है। यदि कुंडली में इस ग्रह की स्थिति अशुभ हो, तो विवाह में देरी, पारिवारिक कलह और जीवन में दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है।
मंगलवार की पूजा के लाभ:
धार्मिक मान्यता है कि मंगलवार के दिन व्रत और पूजा करने से व्यक्ति शनि दोष से मुक्ति पा सकता है। कहा जाता है कि जब कोई भक्त श्रद्धापूर्वक हनुमान जी की पूजा करता है, तो शनिदेव भी प्रसन्न होते हैं।
इसका कारण यह है कि शनिदेव ने स्वयं बजरंगबली को वचन दिया था कि वे अपने भक्त को कभी कष्ट नहीं देंगे।
मंगल दोष निवारण के उपाय:
जिन लोगों की कुंडली में मंगल दोष या मांगलिक दोष हो, उनके लिए मंगलवार का व्रत विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन लाल चंदन, लाल फूल, गुड़, मसूर की दाल और तांबे के बर्तन का दान करने से मंगल ग्रह की शांति होती है और शुभ फल प्राप्त होते हैं।
इसके अलावा यदि भक्त हनुमानजी को सिंदूर, चमेली का तेल और चोला चढ़ाता है और मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करता है, तो उसे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्राप्त होता है।
Tags: