नई दिल्ली: इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर टी20 क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बटलर ने इस मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है।
बटलर ने यह मुकाम द हंड्रेड टूर्नामेंट में हासिल किया। उन्होंने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए लंदन स्पिरिट के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 11 गेंदों में 16 रनों की पारी खेलने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया। बटलर के नाम अब टी20 क्रिकेट में 14,572 रन दर्ज हो गए हैं।
बटलर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 9 शतक और 102 अर्धशतक लगा चुके हैं। उन्होंने 16 रन बनाने के साथ ही क्रिस गेल को पीछे छोड़ा। गेल ने टी20 क्रिकेट में खेली 455 पारियों में 14,562 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 22 शतक और 88 अर्धशतक निकले हैं। टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 663 पारियों में 14,803 रन बनाए हैं। पोलार्ड ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 2 शतक और 70 अर्धशतक लगाए हैं।
पोलार्ड से आगे निकलने के लिए बटलर को अब सिर्फ 231 रनों की दरकार है। टी20 विश्व कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष करने वाले बटलर अपनी शानदार फॉर्म में लौट चुके हैं। हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में बटलर का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। उन्होंने पांचवें टी20 मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 64 गेंदों में 131 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। 5 मैचों की सीरीज में बटलर ने 43 की औसत और 182 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 175 रन बनाए थे।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में बटलर फिलहाल तीसरे नंबर पर काबिज हैं। बटलर ने इस फॉर्मेट में खेले 160 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4,212 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 28 अर्धशतक और 2 शतक लगा चुके हैं। बटलर से आगे इस लिस्ट में सिर्फ रोहित शर्मा और बाबर आजम हैं। रोहित टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं और उनके नाम 4,231 रन दर्ज हैं। वहीं, बाबर 4,596 रनों के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं।