WORLD WAR: ईरानी पोत पर अंडरवाटर अटैक, 80 की मौत
समुद्र में खूनी हमला: ईरानी जहाज बना निशाना, कई लापता
Sri Lanka श्रीलंका: दक्षिणी तट के समीप एक ईरानी जहाज पर कथित पनडुब्बी हमले से हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज पर कुल 180 लोग सवार थे। अब तक 80 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक लोग समुद्र में लापता बताए जा रहे हैं। 32 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और कई घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
सूत्रों के मुताबिक जहाज से संकट संकेत (डिस्ट्रेस कॉल) मिलने के तुरंत बाद श्रीलंकाई नौसेना ने बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि इमरजेंसी सिग्नल मिलते ही राहत एवं बचाव दल रवाना कर दिए गए। नौसेना के जहाजों और हवाई निगरानी के जरिए समुद्र में लापता लोगों की तलाश जारी है।
हमला समुद्र के भीतर से किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पनडुब्बी की संलिप्तता की बात सामने आई है। हालांकि अभी तक किसी संगठन या देश ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के पीछे किसका हाथ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है और जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि ईरानी जहाज भारत से लौट रहा था और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग से गुजर रहा था। इस हमले ने क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रीलंकाई अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी लिया जाएगा। समुद्र में जारी राहत अभियान के बीच मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।