कड़ी सुरक्षा के बीच तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर 'दीपथून' पर जला कार्तिगई दीपम, झूम उठे श्रद्धालु
देखें वीडियो.
चेन्नई: तमिलनाडु के मदुरई में स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को कार्तिगई दीपम जलाया गया. पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप जलाने की रस्म शाम 5 बजे पूरी हुई. चार दिन पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद यहां दीप नहीं जलाया गया था. इसके बाद मामला और बढ़ गया था.
शनिवार को दीप जलाने के लिए सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई. सुबह से ही पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे थे. कई श्रद्धालु अपने साथ दीप भी लेकर पहुंचे थे.
सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर का कामकाज संभालने के लिए नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज एस वैद्यनाथन और वी पार्थिबन शनिवार को चेन्नई से मदुरै पहुंचे. दोनों जज पारंपरिक संगीत के साथ मिट्टी के दीप, बाती और घी लेकर पहाड़ी के नीचे पहुंचे. उन्होंने ये सामग्री मंदिर प्रशासन को सौंपी.
मंदिर में पूजा के बाद जजों ने तांबे का विशेष पात्र पुजारियों को दिया. इसे 'कोप्परई' कहा जाता है. पत्थर के स्तंभ के ऊपर इस पात्र को रखने के लिए कर्मचारियों ने अस्थायी मंच और मचान तैयार किया था.
दीप जलाने के लिए करीब 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती कपड़े की बाती और 5 किलो कपूर की व्यवस्था की गई थी. अधिकारियों और पुजारियों से बातचीत के बाद जस्टिस वैद्यनाथन ने शाम 5 बजे दीप जलाने का समय तय किया था. मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे.
थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार सुबह 100 से ज्यादा मुस्लिम श्रद्धालु दरगाह पर नमाज के लिए पहुंचे. इनमें केरल से आए जायरीन भी शामिल थे. श्रद्धालु सुबह करीब 6:15 बजे पहाड़ी के नीचे जुटे और सुरक्षा जांच के बाद दरगाह तक पहुंचे. दिन में 100 से ज्यादा अन्य श्रद्धालुओं के भी पहुंचने की उम्मीद थी. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह और मस्जिद में इबादत की अनुमति दी गई.
दीपम विवाद के बीच पहाड़ी की सुरक्षा संभालने पहुंचे CRPF जवानों का हिंदू श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया. जवानों और उनके वाहनों पर फूलों की बारिश की गई. CRPF के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टीमें भी तैनात की गई हैं. सुप्रीम कोर्ट ने पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय बल को सौंपी है. कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि मुस्लिम श्रद्धालुओं को दरगाह और मस्जिद में इबादत करने से रोका न जाए. सुरक्षा बलों ने पहाड़ी के रास्तों पर चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी है.
थिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद को लेकर बनाई गई समिति में 13 सदस्य शामिल हैं. इसमें हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज पार्थिबन और वैद्यनाथन, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, शहर के पुलिस कमिश्नर राजेंद्रन, CRPF के IG थिरुमाला विक्रम और IG मुकेश कुमार शामिल हैं. इनके अलावा स्पेशल मॉनिटरिंग ऑफिसर वीरराघव, थिरुमंगलम के RDO केराग्नक लिथिया और मदुरई के जिला राजस्व अधिकारी को भी समिति में रखा गया है. समिति में स्वामीनाथन, रमेश और अजित और मंदिर के पुजारी भी शामिल हैं.
दरअसल, मदुरई स्थित थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद है. यहां भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध मंदिर और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया की दरगाह भी है. विवाद पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने को लेकर है.
हिंदू संगठनों की मांग है कि मंदिर की परंपरा के तहत पहाड़ी के ऊपर इस स्तंभ पर दीपम जलाया जाए. वहीं, तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन का कहना है कि दीपम जलाने की परंपरागत जगह उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडप है. दीपथून स्तंभ दरगाह के पास स्थित है, इसलिए वहां दीप जलाने से कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा होने की आशंका जताई गई है.
इस मामले में मद्रास हाईकोर्ट के आदेश के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दीपथून पर दीपम जलाने की एक बार अनुमति दी थी. यह आयोजन 24 नवंबर को होना था. लेकिन उस दिन दीपम पारंपरिक जगह पर ही जलाया गया और दीपथून पर दीपक नहीं जलाया गया. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा.
कोर्ट ने 27 नवंबर को तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया और 28 नवंबर को दीपथून पर दीपम जलाने का आदेश दिया. मंदिर ट्रस्ट के बोर्ड को निलंबित कर दिया गया और पहाड़ी की सुरक्षा CRPF को सौंप दी गई. आज दीपम जलाने के लिए 50 श्रद्धालुओं को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई है.