Kunihar. कुनिहार। सोलन जिला के अर्की अस्पताल एक बार फिर गंभीर आरोपों से घिर गया है। पत्थरी का ऑपरेशन करवाने आई महिला की हुई मौत के बाद परिजनों ने अर्की अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला की मौत अर्की अस्पताल में ही हो गई थी, लेकिन केवल अपना पल्ला झाडऩे के लिए डॉक्टरों ने मरीज को सीरियस बताकर आईजीएमसी शिमला के लिए रैफर कर दिया। शिमला पहुंचने पर वहां डॉक्टरों ने महिला की मौत करीब 2 घंटे पहले ही हो जाने की पुष्टि की। ऐसे में साफ दिख रहा है कि महिला की मौत अर्की अस्पताल में ही हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि अगर मौत हो गई थी, तो मृतक को आईजीएमसी रैफर करने की क्या जरूरत थी।