गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश इलेक्शन, हिजाब विवाद से लेकर CAA के बारे में क्या कहा

Update: 2022-02-21 15:33 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एक विशेष इंटरव्यू में कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें सरकार बनाने के लिए किसी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। अमित शाह ने  देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव, ध्रुवीकरण की राजनीति, कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद और सीएए के मुद्दे सहित योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने को लेकर संशय जैसे सभी मुद्दों पर खुलकर बात की।

गृह मंत्री ने कहा 2014, 2017, 2019 में यूपी की जनता एक रास्ते में चली है। यूपी की जनता बीजेपी के साथ आई है। मुझे पूरा भरोसा है कि 2022 में भी बीजेपी की सरकार को जनता स्वीकार करेगी। इस दौरान शाह ने हिजाब विवाद पर कहा कि स्कूल के ड्रेस कोड को सभी धर्म के लोग मानें। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो फैसला दे उसे मानना चाहिए। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि स्कूलों में बच्चों को धर्म से ऊपर रखना चाहिए।

सवाल- यूपी में 300+ का नारा देने के पीछे मंशा क्या?

जवाब- मैं पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा कर आपके सामने बैठा हूं। यूपी में बड़े बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी। योगी जी के नेतृत्व में जनता का मन जीतने में बीजेपी सफल हुई है। विजय की बाउंड्री बीजेपी के लिए जनता लगाएगी।

सवाल- सर्वे में 230 से 260 सीट के बीच बीजेपी को मिल रही हैं?

जवाब- कई बार परसेप्शन बहुत महत्वपूर्ण रहता है। सारे सर्वे करने वाले अपनी क्रेडिबिलिटी को जोड़ते हैं। सर्वे में जनता जो बताती है वो सच हो जरूरी नहीं है।

सवाल- आप कौन से बड़े मुद्दों के साथ जनता के बीच गए?

जवाब- पिछले 3 चुनाव से UP की जनता बीजेपी के साथ है। इस बार सबसे बड़ा मुद्दा लॉ एंड ऑर्डर, गरीब कल्याण है। लोगों के बीच मूलभूत सुविधाएं देना इस बार हमारा मुद्दा है। बीजेपी ने एडमिनिस्ट्रेशन में बड़ा परिवर्तन किया है। पिछली सरकारें जातिवाद के आधार पर चली थीं। सरकारों में जातियों का काम होता था।

सवाल- बीजेपी के लिए सबसे बड़ा मुद्दा लॉ एंड ऑर्डर है?

जवाब- पहले FIR नहीं होती थी, अब FIR होती है। एसपी सरकार में एक धर्म विशेष को छूट मिलती थी। मेरठ से लोग पलायन करने को मजबूर थे। करोड़ों की जमीन पर गुंडे कब्जा करके बैठ गए थे। योगी सरकार में डकैती में 72% कमी आई है। लूट में 62%, रेप में 50% की कमी आई है। आजम, अतीक अहमद, मुख्तार एक साथ जेल में हैं। पहले जो परेशान करते थे, वो आज जेल की रोटी तोड़ रहे हैं। पहले हर जिले में माफिया होते थे आज एक भी जिले में बाहुबली नहीं है। हमने करीब 2000 करोड़ की संपत्ति माफियाओं से छुड़ाई है।

सवाल- योगी जी ने 80-20 का जिक्र किया, क्या यह हिंदू बनाम मुस्लिम है?

जवाब- मैं नहीं मानता कि हिंदू-मुस्लिम का बंटवारा है। पोलराइजेशन जरूर हो रहा है। लेकिन गरीब, किसान भी पोलराइज हो रहा है. किसान कल्याण निधि का पैसा मिल रहा है।

सवाल- हिंदू-मुसलमान पोलराइजेशन नहीं देख रहे हैं?

जवाब- वोटबैंक के हिसाब से हम नहीं देखते हैं। 'जिनका अधिकार, उनके साथ सरकार' पर हम चलते हैं। प्रधानमंत्री की हर योजना का लोगों को लाभ मिल रहा है। पहले 2 करोड़ 62 लाख घरों में शौचालय नहीं था। हमने UP में 1 करोड़ 41 लाख घरों में बिजली पहुंचाई है। इसके अलावा 2 करोड़ 68 लाख LED बल्ब बांटे गए, 15 करोड़ गरीबों को दो साल से फ्री राशन दी, 42 लाख लोगों को आवास देने का काम हुआ। अब 2024 तक हर आदमी को घर देने का लक्ष्य है।

सवाब- बीजेपी मुसलमानों को टिकट क्यों नहीं देती है?

जवाब- मुस्लिमों के साथ वही रिश्ता है, जो सरकार का होना चाहिए। चुनाव में कौन वोट देता है, वो भी तो देखना पड़ता है।

सवाल- कैराना में पलायन का मुद्दा आज है?

जवाब- पलायन का मुद्दा आज भी है। कैराना जो आए हैं वो शांति से जी रहे हैं। उन्हें अब पलायन नहीं करना पड़ रहा है। यूपी में राजनीति का अपराधीकरण हुआ था। एडमिनिस्ट्रेशन का राजनीतिकरण हो गया था। बीजेपी सरकार में राजनीति का अपराधीकरण नहीं हुआ है। यूपी की जनता को परिवारवादी, जातिवादी राजनीति से छुटकारा मिला है। योगी सरकार ने यूपी को 8वें से दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। यूपी में बेरोजगारी दर 17.3 प्रतिशत थी, आज 4.1 प्रतिशत है। 1 करोड़ 61 लाख नौकरियों और रोजगार के नए अवसर मिले हैं।

सवाल- हिजाब विवाद पर आपकी क्या राय है?

जवाब- स्कूल के ड्रेस कोड को सभी धर्म के लोग मानें। मामला कोर्ट में है, कोर्ट जो फैसला दे उसे मानना चाहिए। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि स्कूलों में बच्चों को धर्म से ऊपर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इसमें साजिश है तो विरोधियों की मंशा सफल नहीं होगी।

सवाल- जयंत चौधरी को साथ लाने की आपने कवायद की। अब क्या सोच रहे हैं?

जवाब- बीजेपी पूर्ण बहुमत से जीतने जा रही है। मैंने इतना कहा था कि जयंत गलत जगह चले गए हैं।

सवाल- जयंत के लिए बीजेपी के रास्ते खुले हैं?

जवाब- बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। जयंत के साथ कोई पोस्टपोल एलाएंस की जरूरत नहीं है। हमारी पार्टी का दो पार्टियों के साथ एलाएंस है। बीजेपी को किसी की जरूरत नहीं पड़ने वाली है। मोदी जी की गरीब कल्याण की योजनाओं ने तस्वीर बदल दी है। यूपी का चुनाव पूरी तरह से बीजेपी के साथ है। 70 साल तक गरीब कल्याण की सुविधा नहीं थी। 5 साल में गरीब कल्याण के लिए बेहतर काम हुआ है।

सवाल- ये चुनाव धर्म और जाति से ऊपर उठकर होगा?

जवाब- इस सबकी कांग्रेस ने शुरुआत की, SP-BSP ने इसे गहराई दी। यूपी में हमें 2019 में 65 लोकसभा सीटों पर जीत मिली। राजनीति में 1+1=2 नहीं होता, कई बार 1+1=11 हो जाता है।

सवाल- स्टेट और केंद्र का इलेक्शन अलग होता है?

जवाब- 2014, 17, 19 में यूपी की जनता एक रास्ते में चली है। यूपी की जनता बीजेपी के साथ आई है। मुझे पूरा भरोसा, 22 में बीजेपी की सरकार को जनता स्वीकार करेगी।

सवाल- मायावती और बीजेपी का गठबंधन होगा?

जवाब- बीजेपी को गठबंधन की जरूरत ही नहीं है। बीजेपी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। समर्थन अच्छा काम करने के लिए सबका चाहिए। एसपी का भी चाहिए, विपक्ष का भी चाहिए। सरकार बनाने के लिए किसी की जरूरत नहीं पड़ेगी। सबसे गरीब लोग बीजेपी के साथ जुड़े हैं। मध्यम वर्ग सुख शांति के साथ जुड़ा हुआ है। 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया है। हर साल 6 हजार किसान के खाते में जाते हैं। 2 करोड़ किसानों तक किसान क्रेडिट कार्ड मिला है।

Tags:    

Similar News

-->