Jawali. जवाली। उपमंडल जवाली के अंतर्गत पंचायत पलौहड़ा के गांव कुठेड़ा में एक युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव जरियाल (34) पुत्र कुंदन सिंह निवासी कुठेडा के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार संजीव जरियाल गुरुवार को सुबह उठने के बाद अपनी माता के साथ घर से थोड़ी दूर गौशाला में पशुओं को देखने के लिए तथा वहां पर भूसा डालते समय उसको सांप ने काट लिया। उसने अपनी मां को इसके बारे में बताया तथा परिजन उसे सिविल अस्पताल जवाली में लेकर आए। अस्पताल में पहुंचकर संजीव कुमार खुद ही दूसरी मंजिल पर सीढ़ियां चढ़कर गया तथा उसके उपरांत उपचार दौरान उसकी मौत हो गई।
संजीव कुमार पिछले 12 सालों से ग्राम पंचायत पलौहड़ा में बतौर चौकीदार अपनी सेवाएं दे रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई तथा पुलिस ने केस दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पंचायत के प्रधान डॉक्टर राजिंदर सिंह, पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह भाटिया, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष चैन सिंह, सुखवीर भाटिया, भाजपा नेता संजय गुलेरिया, मंत्री चौधरी चन्द्र कुमार ने दुख प्रकट करते हुए प्रशासन से गुहार लगाई है कि परिवार की आर्थिक सहायता की जाए। घटना की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।