बांदा: बांदा से आई ये खबर दिल दुखाने वाली है. यहां बारिश के बीच पड़ोस के घर की दीवार भरभराकर गिरी और देखते ही देखते एक पूरा परिवार मलबे में दब गया. घर में चार लोग थे- पति, पत्नी और दो छोटी बेटियां. हादसे में पिता और 6 महीने की बेटी की मौत हो गई. मां और 3 साल की दूसरी बेटी घायल हैं. दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
घटना बबेरू तहसील क्षेत्र के तरायां गांव की है. यहां राजेश सिंह अपनी पत्नी सावित्री और दोनों बेटियों के साथ घर में थे. बारिश हो रही थी. इसी दौरान पड़ोसी के घर की मिट्टी से बनी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. इस दीवार का मलबा सीधे राजेश के घर पर जा गिरा. हादसे के वक्त परिवार घर में था. अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज आई. कुछ ही पल में राजेश, उनकी पत्नी सावित्री और दोनों बेटियां मलबे के नीचे दब गए.
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे. गांव में अफरा-तफरी मच गई. किसी ने पुलिस को सूचना दी तो ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन वहां पहुंचते-पहुंचते परिवार की खुशियां मातम में बदल चुकी थीं.
डॉक्टरों ने राजेश सिंह और उनकी 6 महीने की बेटी रश्मि को मृत घोषित कर दिया. सोचिए, जिस घर में दो छोटी बेटियां थीं, कुछ देर बाद वहां एक पिता और उसकी मासूम बच्ची की मौत की खबर थी.
राजेश की पत्नी सावित्री, उम्र करीब 35 साल, और उनकी 3 साल की बेटी लक्ष्मी भी हादसे में घायल हुईं. दोनों को प्राथमिक इलाज दिया गया और फिर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. दो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
हादसे के बाद परिजनों ने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पड़ोसी के घर की मिट्टी की दीवार उनके मकान पर दबाव बना रही थी. दीवार की स्थिति को लेकर कई बार पड़ोसी से कहा गया था, लेकिन कथित तौर पर कोई कदम नहीं उठाया गया. परिजनों का आरोप है कि लगातार बारिश ने पहले से कमजोर दीवार की हालत और खराब कर दी और आखिरकार वह भरभराकर गिर गई.
डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी के मुताबिक, पुलिस को तरायां गांव में दीवार गिरने और घर में लोगों के दबे होने की सूचना मिली थी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला. पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Tags: