Shimla. शिमला। सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र के एक व्यक्ति से फेसबुक पर ट्रेडिंग ऐप के जरिए रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 7.82 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील मेहता निवासी गांव कवानू, तहसील कुमारसैन ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें निवेश की गई राशि को कम समय में दोगुना करने का दावा किया गया था।
विज्ञापन पर भरोसा कर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपए निवेश कर दिए। निवेश करने के बाद न तो उन्हें कोई मुनाफा मिला और न ही उनकी जमा की गई राशि वापस की गई। पुलिस ने बताया कि मामला पहले साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज किया गया था। बाद में शिकायतकर्ता का निवास क्षेत्र कुमारसैन थाना के अंतर्गत होने के कारण आगे की जांच के लिए मामला वहां स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले ट्रेडिंग, निवेश या कम समय में अधिक मुनाफा देने वाले किसी भी विज्ञापन पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। साइबर हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।