VIDEO: कम नंबर मिले तो बेकाबू हुए छात्र, महिला टीचर को घेरकर कर दी पिटा!
छात्र हिंसा
Bangal बंगाल: मालदा जिले से स्कूल में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं पर एक महिला शिक्षिका के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। यह मामला मालदा जिले के कालियाचक-2 ब्लॉक के मोथाबारी थाना क्षेत्र स्थित बाबनग्राम हाई मदरसा का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 11वीं कक्षा की टेस्ट परीक्षा में कम अंक मिलने से कुछ छात्र-छात्राएं नाराज हो गए थे। इसके बाद उन्होंने स्कूल में हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और छात्रों ने एक महिला शिक्षिका के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षिका को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। घटना के दौरान स्कूल में मौजूद अन्य शिक्षक और कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है।
बताया जा रहा है कि परीक्षा में कम अंक मिलने को लेकर छात्रों में नाराजगी थी, लेकिन शिक्षिका के साथ इस तरह का व्यवहार करने से स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने ऐसी घटनाओं को लेकर छात्रों के व्यवहार और स्कूलों में अनुशासन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। स्कूल प्रशासन और स्थानीय पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटाने में लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मारपीट में कितने छात्र शामिल थे और घटना के पीछे पूरी वजह क्या थी। इस घटना ने स्कूलों में शिक्षकों की सुरक्षा और छात्रों के अनुशासन को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है।