छत्तीसगढ़

पड़ोसी की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात टली, सूने मकान में घुसे 3 आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए

Shantanu Roy
23 Aug 2026 7:57 PM IST
पड़ोसी की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात टली, सूने मकान में घुसे 3 आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पड़ोसी की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी करने पहुंचे तीन लोगों को मौके से ही पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घटना 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अमलीडीह स्थित शिव विला कॉलोनी की है। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 टीम को सूचना मिली कि कॉलोनी के एक सूने मकान में कुछ संदिग्ध लोग घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देरी किए मकान की घेराबंदी की और अंदर प्रवेश किया। इस दौरान कुछ लोग मकान के अंदर चोरी की कोशिश करते हुए पाए गए। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके से तीन लोगों को पकड़ लिया। इनमें आरोपी दीपक देवार पिता मेम्बर देवार उम्र 18 वर्ष निवासी यादव होटल के सामने अमलीडीह चौक, थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी करने की नीयत से मकान में दाखिल हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद उन्होंने चोरी के उद्देश्य से कमरे में रखी आलमारी का ताला भी तोड़ दिया था। हालांकि पुलिस की समय पर पहुंचने के कारण आरोपी चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने मौके से ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया और चोरी की बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया।
बताया जा रहा है कि मकान की प्रार्थिया ताला लगाकर महासमुंद गई हुई थीं। इसी दौरान मकान के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखकर पड़ोसी को शक हुआ। पड़ोसी ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी की जागरूकता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सूने मकान में होने वाली चोरी की एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर न्यू राजेंद्र नगर थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305 और 62 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए पेट्रोलिंग और सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है। इस कार्रवाई में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अपराध रोकने के लिए आम नागरिकों की जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है और इसी तरह सहयोग मिलने पर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।
Next Story