शिमला। बारिश के चलते बुधवार को राज्य भर में 314 सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही थम गई। जिस पर लोक निर्माण विभाग ने देर शाम तक 186 सडक़ों को बहाल कर दिया है। जबकि राज्य में अब 128 सडक़ें खोलने के लिए शेष रह गई है। इन बंद पड़ी सडक़ों को शुक्रवार तक बहाल करने का लक्ष्य लोक निर्माण विभाग ने रखा है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के तहत बुधवार सुबह के वक्त राज्य भर में कुल 273 सडक़ों के बंद होने की सूचना प्रदेश मुख्यालय को मिली थी। लिहाजा बारिश के कारण प्रदेश में बंद पड़ी सडक़ों का आंकड़ा शाम तक 314 पहुंच गया। प्रदेश मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग के विभिन्न सर्किल और उपमंडलों से पहुंची रिपोर्ट के तहत प्रदेश में बंद पड़ी सडक़ों में से 186 को बहाल करने का बुधवार का लक्ष्य था, जिसे देर शाम तक लगभग पूरा कर लिया है। अब विभाग ने 73 सडक़ों को गुरुवार तक खोलने का लक्ष्य किया है।
जबकि शेष 55 सडक़ों को इसके उपरांत खोला जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को राज्य के शिमला जोन में सबसे अधिक 121 , मंडी जोन की बंद पड़ी 91 सडक़ों में से 39 और कांगड़ा जोन की 93 में से 68 सडक़ों को बहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि बुधवार को सडक़ बहाली के कार्य के लिए 532 अलग-अलग मशीनें मौके पर लगाई गई थी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपदा रक्षक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर उसका नियमित उपयोग करने के निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को एक पत्र जारी किया है। यह ऐप राज्यभर में मौसम के पूर्वानुमान, प्रारंभिक चेतावनी संदेश, आपदा अलर्ट और सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी की रीयल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराता है।