Noorpur. नूरपुर। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम नूरपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है । पुलिस टीम ने हरड़ पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार निवासी गांव व डाकघर भाली, तहसील व थाना जवाली तथा सुनील राणा उर्फ ईशु निवासी गांव व डाकघर सिहुवां तहसील व थाना शाहपुर जिला.कांगड़ा के रूप में हुई है। यह कामयाबी गुप्त सूचना के आधार पर उस समय मिली जब सीआईए टीम हरड़ पुल के पास तैनात थी।
इसी दौरान सडक़ किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार की स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। कार की चालक सीट के नीचे छुपाकर रखा गया एक काला प्लास्टिक का लिफाफा बरामद हुआ। जब उसे खोलकर जांचा गया, तो उसमें से कुल 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस टीम ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को तुरंत कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की संबंधित धाराओं 20 व 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी नूरपुर ने बताया कि नूरपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि समाज से नशे की कुप्रथा को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस का सहयोग करें।