उतर प्रदेश: थाना लालगंज पर नियुक्त महिला आरक्षी केसरी वर्मा की मृत्यु के मामले में उनके पति आरक्षी नागेंद्र वर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ.यशवीर सिंह ने अपने कार्यालय में नियुक्त उर्दू अनुवादक अब्बास अली व आरक्षी दीपक मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी हर्रैया से कराई जा रही है। प्रचलित जांच की शुचिता व निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए प्रथम दृष्टया पुलिस अधीक्षक द्वारा यह कार्रवाई की गई है। एसपी ने बताया कि निलंबित किए गए कर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच आसन्न है। जांच पाए गए तथ्यों के आधार पर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

महिला आरक्षी केसरी वर्मा मूलरूप से प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के वारखोरी गांव की रहने वाली थीं। करीब दो वर्ष पहले उनका विवाह आरक्षी नागेंद्र वर्मा से हुआ था। दोनों की तैनाती लालगंज थाने में थी। कुछ दिन पहले आरक्षी केसरी अवकाश लेकर प्रतापगढ़ स्थित अपने मायके गई थीं। 22 अगस्त को छुट्टी समाप्त होने के बाद वह बस्ती लौट रही थीं।

इसी दौरान रास्ते में दुर्घटना होने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। प्रतापगढ़ में उपचार के दौरान सिर में चार टांके लगाए गए। उपचार कराने के बाद वह बस्ती लौटीं और ड्यूटी ज्वाइन कर ली थीं। शनिवार को अचानक भोर में करीब तीन बजे आरक्षी की तबीयत बिगड़ने लगी तो तत्काल उनके पति कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा एवं थाने के अन्य कर्मचारी के सहयोग से जिला चिकित्सालय जनपद बस्ती लाया गया जहां पर जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


Tags: