हैदराबाद: तेलंगाना के जंगांव जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। हादसा हैदराबाद-वॉरंगल राजमार्ग पर राघुनाथपल्ली मंडल के निदिगोंडा के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, तेलंगाना स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (टीजीएसआरटीसी) की राजधानी बस सड़क किनारे खड़े रेत से भरे एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस के दो यात्रियों हनुमकोंडा के बालासमुद्रा निवासी नवजीत सिंह और हैदराबाद के डोमलगुड़ा निवासी पी. ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। छह घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिछले तीन हफ्तों में तेलुगु राज्यों में बसों से जुड़े कई सड़क हादसे हुए हैं। 3 नवंबर को तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में आरटीसी बस और टिपर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 19 लोगों की मौत हो गई थी। 24 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के कर्नूल के पास एक निजी बस में आग लगने से 19 लोग जलकर मारे गए थे।
वहीं, 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में एक निजी ट्रैवल्स बस के पलटने से एक व्यक्ति की मौत और 10 यात्री घायल हुए। 4 नवंबर को आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले में एक और बस-ट्रक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और आठ लोग घायल हुए। 11 नवंबर को हैदराबाद-विजयवाड़ा हाईवे पर एक निजी बस में अचानक आग लग गई, हालांकि चालक की सतर्कता से सभी 29 यात्री सुरक्षित उतर गए।